कांगू के बरयाह गांव में पकड़ा 11 फीट लंबा अजगर।
- फोटो : Hamirpur-HP
नादौन। उपमंडल नादौन के कांगू क्षेत्र के बरयाल गांव में 11 फीट लंबा अजगर मिला है। दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद वन विभाग, ग्रामीणों ने एक नेपाली युवक के सहयोग से इसका रेस्क्यू किया। मंगलवार को खेतों में घास काटने गई बरयाल गांव की एक महिला ने इस अजगर को सबसे पहले खेतों में देखा। इसके बाद उसने शोर मचाया और ग्रामीणों को सूचना दी।
ग्रामीणों ने वन विभाग और नेपाली मूल के युवक निर्मल सिंह को इसकी सूचना दी। निर्मल सिंह बरयाल गांव पहुंचा तथा दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद उसने 11 फीट लंबे अजगर को जिंदा पकड़ लिया। वन रक्षक ब्यास देव ने कहा कि नेपाल मूल के युवक निर्मल सिंह से संपर्क कर अजगर को पकड़ा गया है। उन्होंने कहा कि इस अजगर को रिहायश से दूर जंगल में छोड़ा गया है।