हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने कहा कि संयुक्त परिवार की परंपरा कमजोर होने से युवा पीढ़ी अपनी संस्कृति, संस्कारों और सामाजिक मूल्यों से दूर होती जा रही है। नई पीढ़ी का का अपनी जड़ों से जुड़े रहना और संस्कृति को आत्मसात करना बेहद आवश्यक है। बुधवार को शिमला में अमर उजाला की कॉफी टेबल बुक-हाई फ्लायर्स के विमोचन समारोह में राज्यपाल ने कहा कि समाज में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति गंभीर चिंता का विषय है। यह केवल एक व्यक्ति या परिवार की समस्या नहीं, बल्कि पूरे समाज और देश के भविष्य से जुड़ा मुद्दा है। समाज में जागरूकता बढ़ाने, नशे जैसी सामाजिक बुराइयों के खिलाफ व्यापक जनआंदोलन खड़ा करने की जरूरत पर बल देते हुए कहा कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए सभी को मिलकर प्रयास करने होंगे।