हिमाचल प्रदेश में बदले मौसम के बीच बुधवार दोपहर को रोहतांग दर्रे और लाहौल घाटी के ऊंचे इलाकों में बर्फबारी हुई। मनाली समेत पूरी कुल्लू घाटी में झमाझम बारिश दर्ज की गई। लाहौल के कोकसर और इसके आसपास के क्षेत्रों में भी तेज बारिश हुई। राजधानी शिमला सहित प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में मौसम साफ रहा। वीरवार के लिए कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला और सिरमौर जिलों के लिए अंधड़ और ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी हुआ है। तपती गर्मी से प्रदेश में फिलहाल राहत रहने वाली है। छह जून तक हिमाचल में मौसम खराब रहने के आसार हैं।