दल-बदल कानून में अयोग्य घोषित विधायकों की पेंशन रोकने संबंधी विधेयक लाने को लेकर कुटलैहड़ के पूर्व विधायक देवेंद्र कुमार भुट्टो ने कहा है कि वह राजनीति में सेवा करने के लिए आए हैं, न कि सैलरी और पेंशन के लिए। जनता की सेवा निरंतर करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार ने एक भी काम जनहित में नहीं किया और उल्टा जनता पर बोझ डाला गया।
भुट्टो ने कहा है कि उन्हें जनता ने विधायक बनाया था। जनता के फैसले से ही विधानसभा में पहुंचे थे और जनता की सेवा निरंतर करते रहेंगे। उनके पास सरकार की ओर से दी जाने वाली सैलरी के एक-एक पैसे का हिसाब-किताब है कि अपनी सैलरी का एक-एक पैसा जनता की सेवा के लिए कहां लगाया है। वर्तमान में जो फैसला लिया जा रहा है, इस तरह के फैसले का उनके राजनीतिक करिअर पर कोई असर नहीं पड़ता है। अभी लंबी राजनीतिक पारी है और कई बार विधायक बनकर आएंगे और विधायक बनकर जाएंगे।