क्षेत्रीय अस्पताल में चिकित्सा अधीक्षक से जानकारी लेते मंत्री।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
लगातार फेल हो रहे दवा के सैंपल पर अब स्वास्थ्य महकमा कंपनियों को प्रदेश से बाहर करने की तैयारी में है। विभाग ने कुछ कंपनियों को तीसरा नोटिस भेज दिया है। दस दिनों में दवा उद्योगों और प्रयोगशालाओं का निरीक्षण किया जाएगा। इस दौरान कंपनियों को दवाओं की गुणवत्ता बरकरार रखने के लिए निर्देश दिए जाएंगे। सोलन अस्पताल में औचक निरीक्षण के दौरान पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में स्वास्थ्य मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने कहा कि प्रदेश में स्थापित कई कंपनियां गुणवत्ता का ध्यान नहीं रख रही हैं। इस कारण लगातार सैंपल फेल हो रहे हैं।
कई कंपनियों के तीन से अधिक बार सैंपल फेल हो गए हैं। निरीक्षण के दौरान कोई कमी पाई जाती है तो तुरंत उसे दुरुस्त करने के निर्देश दिए जाएंगे। कहा कि प्रदेश में हालात ये हैं कि कंपनियों के हृदय, मधुमेह, किडनी, एंटीबायोटिक जैसी महत्वपूर्ण दवाइयों तक के सैंपल फेल हो रहे हैं। इससे कंपनियों पर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ करने वाली कंपनियों को स्वयं ही प्रदेश छोड़ देना चाहिए।