मुख्यमंत्री ने पंचायत प्रतिनिधियों से चिट्टे के विरुद्ध अभियान में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।
- फोटो : अमर उजाला
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि चिट्टे के खिलाफ सरकार जन सहयोग और जनभागीदारी का पहला चरण संपन्न कर चुकी है। दूसरे चरण में डीसी, एसपी, एडीएम स्कूलों में जाकर चिट्टे को लेकर बच्चों को जागरूक करेंगे। पंचायत सरकार व जनता के बीच अहम कड़ी है। पंचायतों के चुने हुए प्रतिनिधि सरकार की योजनाओं को आमजन तक पहुंचाएंगे। मुख्यमंत्री ने प्रधानों और उप प्रधानों को एंटी चिट्टा शपथ दिलाई। साथ ही उनसे चिट्टा मुक्त पंचायत बनाने का आह्वान किया। उन्होंने नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनसे आग्रह किया कि वे खेल, शिक्षा, संस्कृति व सकारात्मक गतिविधियों को बढ़ावा देकर युवाओं को नशे से दूर रखने में अपना योगदान दें।
मुख्यमंत्री सोमवार को शिमला के पीटरहॉफ होटल में नवनिर्वाचित पंचायत प्रधान एवं उप प्रधानों के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए। कहा कि राज्य सरकार ने ग्रामीण अर्थव्यवस्था, ग्रीन हिमाचल, शिक्षित हिमाचल, स्वस्थ हिमाचल, रोजगार, वित्तीय प्रबंधन, नशा निवारण, कर्मचारी कल्याण सहित अन्य अनेक क्षेत्रों में दूरदर्शी सोच के साथ कार्य किया है। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने प्रधानों और उपप्रधानों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर सातवें वित्तायोग के अध्यक्ष नंद लाल, विधायक कुलदीप सिंह राठौर, मोहन लाल ब्राक्टा व हरीश जनारथा, महिला आयोग अध्यक्ष विद्या नेगी, मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार सूचना प्रौद्योगिकी व नवाचार गोकुल बुटेल, अध्यक्ष हिमफेड महेश्वर सिंह चौहान, अध्यक्ष एपीएमसी देवानंद वर्मा, अध्यक्ष हिमकॉन विकेश चौहान, अध्यक्ष बाल आयोग अनीता ठाकुर, उपाध्यक्ष नशा निवारण बोर्ड संजय भारद्वाज, उपायुक्त अनुपम कश्यप, पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह, पंचायती राज विभाग के अतिरिक्त निदेशक केवल शर्मा व वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।