चंबा। नए बस अड्डे से चलने वाली 13 बसों में नारी सम्मान योजना के तहत महिला यात्रियों को पचास प्रतिशत किराये में छूट नहीं मिलेगी। तय मापदंडों के मुताबिक ही निगम के परिचालक महिला बस यात्रियों से किराया वसूलेंगे। महज चंबा से शाम 5:00 बजे चलने वाली चंबा-शिमला बस में ही यह सुविधा मिलेगी जबकि चंबा से शिमला सुबह 7:00 बजे चलने वाली सुपरफास्ट बस में यह सुविधा महिलाओं को नहीं मिलेगी। इसके पीछे वजह अन्य राज्यों से होकर बसों की आवाजाही होना माना जा रहा है। बहरहाल राज्य के भीतर ही जाने वाली एचआरटीसी बसों में महिलाओं को आधे किराये की सुविधा मिलेगी।
चंबा से पठानकोट, बैरागढ़-शिमला, चंबा-मंडी, भरमौर इंदौरा, चंबा से चिंतपूर्णी, ढांगू से भरमौर, भरमौर से पठानकोट, चंबा से हरिद्वार, चंबा-दिल्ली, चंबा-अमृतसर, चंबा चंडीगढ़, भरमौर-शिमला वाया परवाणु बद्दी और चंबा शिमला सुपर फास्ट बसों में महिला नारी सम्मान योजना के तहत किराये में छूट नहीं मिलेगी।
गौरतलब है कि प्रदेश सरकार की ओर से हाल ही में योजना का शुभारंभ किया गया है। इसकी घोषणा चंबा के ऐतिहासिक चौगान में आयोजित हिमाचल दिवस के समारोह में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने की थी। ऐसे में अब इस योजना के तहत महिलाओं को लाभान्वित किया जा रहा है।
क्षेत्रीय प्रबंधक साहिल कपूर ने बताया कि जिले से 13 रूटों पर बसों की आवाजाही अन्य राज्यों के लिए रहती है। ऐसे में इन बसों में इस सुविधा का लाभ महिला यात्रियों को नहीं मिलेगा। राज्य के भीतर ही यह सुविधा लागू की गई है।