चंबा। चुराह विस क्षेत्र के तहत बेटी के घर रह रही एक महिला ने कीटनाशक दवाई खाकर अपनी इहलीला समाप्त कर ली। बताया जा रहा है कि महिला पिछले सात सालों से अपनी बेटी के घर रह रही थी। शुक्रवार शाम को अचानक उसने घर में रखी कीटनाशक दवाई खा ली, जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई। घर के लोग उसे उपचार के लिए सिविल अस्पताल किहार ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल से घटना की सूचना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर शव को अपने कब्जे में ले लिया। शनिवार को चंबा मेडिकल कॉलेज में शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस अधीक्षक अरुल कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, महिला ने जहर क्यों खाया, इसका खुलासा नहीं हो पाया है।