सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियों से मचाया धमाल
संवाद न्यूज एजेंसी
सिहुंता (चंबा)। राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सिहुंता के सालाना समारोह में विद्यार्थियों ने एक के बाद एक मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। इस दौरान विद्यार्थियों ने रोहडू जाणा मेरी आमिये...गीत पर नृत्य प्रस्तुत कर सबको नाचने पर मजबूर कर दिया। हिंदी फिल्मी गीत प्रेम रत्नधन पायो...पर प्रस्तुति देकर खूब तालियां बटोरीं। समारोह में बतौर मुख्यातिथि विस अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने शिरकत की। प्रधानाचार्य पवन कुमार ने मुख्यातिथि को शॉल, टोपी और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। विद्यार्थियों ने सरस्वती वंदना की प्रस्तुति के साथ कार्यक्रम का आगाज किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सिहुंता के क्षेत्र को सीवरेज से जोड़ा जाएगा। इसके लिए 12.50 करोड़ की धनराशि का प्रावधान किया जाएगा। सिहुंता में मिनी सचिवालय बनाने के प्रयास किए जाएंगे। यहां पर जलशक्ति विभाग का मंडल खोला जाएगा। कहा कि जल जीवन मिशन और नाबार्ड से स्वीकृत 13 पंचायतों के लिए उठाऊ पेयजल योजना सिहुंता पर 18.34 करोड़ रुपये व्यय किए जा रहे हैं जिससे करीब 17 हजार लोग लाभान्वित होंगें। कहा कि एक वर्ष के भीतर सिहुंता में 24 घंटे पेयजल आपूर्ति की उपलब्धता सुनिश्चित बनाई जाएगी। उन्होंने सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए 26,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की। मुख्यातिथि ने मेधावी विद्यार्थियों अंशुल कुमार, पायल कुमारी, सूर्या ठाकुर, अक्षित, समीर गुलेरिया, अंशु, जिया, रोहित मेहरा, अनिकेत भारद्वाज, आर्यन, कीर्ति, सुनिधि,जिन्नत, युविका, तनिषा, कशिश, दीक्षा, सुनिधि, सान्या, कनिका, सलोनी, पलक समेत अन्य को पुरस्कृत किया।
अटल टिकरिंग लैब का किया शुभारंभ
विधानसभा अध्यक्ष ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सिहुंता में स्थापित अटल टिकरिंग लैब का शुभारंभ भी किया। कहा कि अटल टिंकरिंग लैब की स्थापना होने से बच्चे प्रौद्योगिकी नवाचार से परिचित होंगे और विज्ञान प्रौद्योगिकी इंजीनियरिंग एवं गणित की अवधारणा को उपकरण के माध्यम से सीखेंगे।