फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Himachal Weather: पांगी-लाहौल में तीन जगह हिमस्खलन, प्रदेश में बर्फबारी से 216 सड़कें बंद

Fri, 10 Feb 2023 09:42 PM IST
Krishan Singh अमर उजाला नेटवर्क, पांगी (चंबा)/केलांग (लाहौल-स्पीति)/शिमला

सार

रोहतांग, जलोड़ी दर्रा, सोलंगनाला और अटल टनल बर्फबारी से लकदक हो गए। राजधानी शिमला सहित प्रदेश के कई क्षेत्रों में शुक्रवार को बारिश हुई। शुक्रवार को चंबा जिले के पांगी और लाहौल-स्पीति जिले में हिमस्खलन हुआ।
विज्ञापन
हिमाचल में बर्फबारी। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

हिमाचल प्रदेश में येलो अलर्ट के बीच शुक्रवार को रोहतांग, जलोड़ी दर्रा, सोलंगनाला और अटल टनल बर्फबारी से लकदक हो गए। राजधानी शिमला सहित प्रदेश के कई क्षेत्रों में शुक्रवार को बारिश हुई। शुक्रवार को चंबा जिले के पांगी और लाहौल-स्पीति जिले में हिमस्खलन हुआ। वहीं, शिमला में शाम को झमाझम बारिश के साथ हल्की ओलावृष्टि हुई। उधर, चंबा के चुराह उपमंडल की चीह पंचायत में डबी पहाड़ के दरकने से मलोही गांव पर भी खतरे के बादल मंडराने लगे हैं। शुक्रवार सुबह पहाड़ से उच्च पाठशाला चीह के भवन पर चट्टान गिर गई। इससे स्कूल का एक कमरा क्षतिग्रस्त हो गया। प्रदेश में शुक्रवार को 216 सड़कों पर यातायात बंद रहा, जबकि 250 ट्रांसफार्मर और 10 पेयजल योजनाएं ठप पड़ी हैं।

विज्ञापन


लाहौल-स्पीति के मनाली-लेह मार्ग पर तेलिंग नाला के समीप सुबह 11:30 बजे पहाड़ी से हिमखंड टूट कर सड़क पर आ पहुंचा और सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) का स्नो प्लग ट्रक हिमस्खलन के बीच फंस गया। बीआरओ के अधिकारियों ने बताया कि यह ट्रक सड़क से बर्फ हटाने के लिए सिस्सू से नॉर्थ पोर्टल भेजा था। हिमस्खलन के दौरान ट्रक पर तीन लोग सवार थे, जो सुरक्षित हैं। ट्रक निकालने के लिए दूसरी मशीन लाई गई है। उपायुक्त लाहौल-स्पीति सुमित खिमटा ने कहा कि घाटी में भारी बर्फबारी हुई है। मौसम खुलने तक लोग एक-दूसरे गांव की ओर न जाएं।

उधर, चंबा जिले के पांगी में मिंधल के अझल नाले और फिंडपार के हुराड़ नाले में सुबह हिमस्खलन हुआ। हिमस्खलन से कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन हिमखंड की चपेट में बिजली के खंभे, तार और पेयजल पाइप आए हैं। हुराड़ नाले में हिमस्खलन से बिजली की लाइनें क्षतिग्रस्त हो गईं। इस कारण कई गांगों में बिजली की आपूर्ति बंद हो गई है। 120 घरों को पीने के पानी की सप्लाई देने वाली पेयजल लाइन भी क्षतिग्रस्त हो गई। इस कारण अब गांववासियों को बर्फ पिघलाकर पानी का बंदोबस्त करना पड़ेगा। वहीं, अझल नाले में हिमखंड गिरने से मिंधल गांव का संपर्क अन्य गांवों से कट गया। प्रशासन ने ग्रामीणों को सुरक्षित स्थान पर रहने के आदेश दिए हैं। आवासीय आयुक्त पांगी अजय कुमार यादव ने बताया कि हिमखंड गिरने से कोई जान का नुकसान नहीं हुआ है। मिंधल गांव के लोगों की मदद करने के लिए प्रशासन प्रयास कर रहा है।
विज्ञापन


शनिवार को हल्की बारिश-बर्फबारी का पूर्वानुमान
शनिवार को भी मध्य और उच्च पर्वतीय जिलों में बारिश और बर्फबारी का पूर्वानुमान है। रविवार से पूरे प्रदेश में मौसम साफ बना रहने की संभावना है।मौसम की करवट से जिला कुल्लू और जनजातीय क्षेत्र लाहौल में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। सोलंगनाला के साथ अटल टनल रोहतांग, जलोड़ी दर्रा सहित पूरी लाहौल घाटी में बर्फ की मोटी परत जम गई है। अटल टनल से सभी तरह के वाहनों के लिए बंद हो गई है। ऊपरी शिमला में भी शुक्रवार को बर्फबारी दर्ज हुई। कुफरी में हल्के फाहे और नारकंडा-खड़ापत्थर में बर्फबारी हुई।
विज्ञापन


न्यूनतम तापमान डिग्री सेल्सियस में
केलांग               - 3.5
कुकुमसेरी            - 1.5
कल्पा                 - 0.4
नारकंडा             - 0.2
मनाली               2.6
सोलन               3.6
शिमला              5.6

बर्फबारी सेंटीमीटर में
बारालाचा में                         130
रोहतांग व कुंजम दर्रा             120
अटल टनल रोहतांग             90
कोकसर                         75
सिस्सू                                     50
सोलंगनाला                         45
जलोड़ी दर्रा                         30

 

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें