Villagers wandering for drinking water for a week in Jukhradi and Kot
चंबा। शहर से समीपवर्ती गांव जुखराड़ी और कोट में एक सप्ताह से पानी की आपूर्ति ठप पड़ी हुई है। इसके चलते ग्रामीणों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि हाईवे प्रबंधन की ओर से बेतरतीब तरीके से सड़क की कटिंग की गई है। इसके चलते पेयजल पाइप टूट गए हैं। हालांकि, जलशक्ति विभाग की ओर से पाइपों को जोड़ा तो जा रहा है लेकिन काम काफी धीमी गति से किया जा रहा है। इससे उन्हें पानी के लिए भटकना पड़ रहा है।
जानकारी के मुताबिक इन दोनों गांवों में करीब सौ परिवार गुजर बसर कर रहे हैं लेकिन यहां पानी की आपूर्ति न होने से ग्रामीणों की दिक्कतें बढ़ती जा रही हैं। ग्रामीणों राकेश कुमार, विशाल कुमार, खेम राज, केवल सिंह, विजय कुमार, सुरेंद्र सिंह, उमेश कुमार, राज कुमार, सतपाल सिंह आदि का कहना है कि गर्मियों का मौसम होने के चलते उन्हें पानी के लिए प्राकृतिक स्रोत पर निर्भर होना पड़ रहा है। पानी के लिए उन्हें पांच सौ मीटर की दूरी तय करनी पड़ रही है। उन्होंने बताया कि जलशक्ति विभाग से संपर्क करने पर अधिकारी जल्द आपूर्ति बहाल होने का आश्वासन देते आ रहे हैं लेकिन अभी तक आपूर्ति बहाल नहीं हो पाई है। ग्रामीणों ने जलशक्ति विभाग से मांग की है कि जल्द पानी की आपूर्ति बहाल की जाए।
वार्ड पंच सूरज बनवाल का कहना है कि जलशक्ति विभाग से भी शिकायत की गई है लेकिन अभी तक आपूर्ति बहाल नहीं हुई है। एक सप्ताह से ग्रामीण पानी की आपूर्ति बहाल होने का इंतजार कर रहे हैं। जल शक्ति विभाग के कनिष्ठ अभियंता दीक्षित कुमार का कहना है कि यह मामला ध्यान में है। कहा कि पानी की आपूर्ति बहाल करने के लिए टीम जुटी हुई है। कहा कि कटिंग से पेयजल लाइनों को काफी नुकसान हुआ है। कहा कि जल्द आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।