चंबा। एचआरटीसी वर्कशॉप चंबा... काम करने की जगह कम और कबाड़ खाना ज्यादा दिखती है। दो बार सांप निकलने से डर के साये में काम कर रहे कर्मचारियों की स्थिति जानने के लिए शुक्रवार को संवाद न्यूज एजेंसी की संवाददाता रिंपी ठाकुर ने यहां पहुंचीं। वर्कशॉप में हालात देख यह साफ है कि निगम प्रबंधन ने लंबे समय से इस परिसर को राम भरोसे छोड़ दिया है। अगर शीघ्र सफाई और मरम्मत कार्य शुरू नहीं हुआ तो यह जगह दुर्घटनाओं का अड्डा बन सकती है...
रिपोर्टर जब वर्कशॉप परिसर में पहुंची तो सबसे पहले उसका स्वागत टूटीं बसों और घास-फूस ने किया। परिसर के एक कोने में पुरानी बसें जंग खाकर खड़ी थीं तो दूसरे कोने में इंजन और टायरों का कबाड़ बिखरा पड़ा था। तेल और ग्रीस की बदबू के बीच मच्छरों का झुंड कर्मचारियों की परेशानी बढ़ाता दिखा। एक कर्मचारी ने हाथ से झाड़ी की ओर इशारा करते हुए कहा यहीं से सांप निकला था, बड़ी मुश्किल से बच पाए। वर्कशॉप के चारों ओर उगी झाड़ियों में यहां दो बार सांप निकलने की घटनाएं हो चुकी हैं, पर सफाई के लिए न कोई ठेका, न कोई कर्मी महीनों से यहां आया। जहां बसों की मरम्मत होनी चाहिए, वहां आज कबाड़ का अंबार लगा है। परिसर में कीचड़ और बदबू फैल रही है। कर्मचारियों का कहना है कि अब वर्कशॉप में काम करना स्वास्थ्य और जान दोनों के लिए खतरा बन गया है। एक मेकेनिक ने कहा कि कोई सफाई नहीं, कोई सेफ्टी गियर नहीं। रोज डर लगा रहता है कि कहीं झाड़ी से कुछ निकल न आए।
महीनों से खड़ीं बसें, पार्ट्स बिखरे पड़े
वर्कशॉप की हालत का सीधा असर एचआरटीसी की सेवा पर भी पड़ा है। कई बसें महीनों से खड़ी हैं, लेकिन मरम्मत नहीं हो पा रही। इंजन के पार्ट्स खुले में पड़े-पड़े खराब हो रहे हैं।
पानी-बिजली की सप्लाई अनियमित, शौचालय-कैंटीन भी बदहाल
वर्कशॉप में बिजली-पानी की सप्लाई भी अनियमित है। कभी-कभी पूरा दिन बिना बिजली के निकल जाता है। वॉश बेसिन टूटे हुए हैं और शौचालयों की हालत ऐसी कि उनका उपयोग करना मुश्किल है। बरसात के दिनों में पूरा परिसर कीचड़ से भर जाता है और दुर्गंध इतनी फैल जाती है कि कर्मचारी मास्क लगाकर काम करने को मजबूर हैं। वहीं, शौचालयों के साथ ही कैंटीन भी खस्ताहाल है।
शिकायतें, पर कार्रवाई नहीं
नाम न बताने की शर्त पर कर्मचारियों ने कई बार निगम प्रबंधन को शिकायतें भेजीं। हर बार जवाब मिला जल्द सफाई करवाई जाएगी, लेकिन नतीजा अब तक शून्य है। उन्होंने कहा कि हमने बार-बार कहा, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। शायद किसी बड़े हादसे के बाद ही अधिकारी जागेंगे।
वर्कशॉप की मरम्मत और सफाई के लिए उच्च अधिकारियों को अवगत करवा दिया है। जल्द सफाई और मरम्मत कार्य करवाया जाएगा। शुगल सिंह, डीडीएम, एचआरटीसी