चंबा। जिला में मौसम साफ रहने के बावजूद पहाड़ दरकना शुरू हो गए हैं। सोमवार को भरमौर-पठानकोट एनएच सहित लोनिवि मंडल सलूणी के दो मार्ग पहाड़ी दकरने से बंद पड़ गए। एनएच सहित मार्गों के बंद पड़ जाने से वाहन चालकों व पैदल आवाजाही करने वाले लोगों को परेशानी हुई। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची एनएच मंडल और लोनिवि की मशीनरी ने बंद पड़े मार्गों को यातायात के लिए बहाल करवाया। मार्ग बहाल हो जाने पर लोगों ने राहत की सांस ली।
प्राप्त जानकारी अनुसार भरमौर-पठानकोट एनएच सुनारा चौक के पास दोपहर तीन बजे पहाड़ी दरकने के बाद यातायात के लिए बंद हो गया। ऐसे में भरमौर से चंबा और चंबा से भरमौर का रुख करने वाले छोटे-बड़े दर्जनों वाहनों की देखते ही देखते लंबी कतार लग गई। सूचना मिलने पर एनएच मंडल चंबा की मशीनरी ने मौके पर पहुंच सायं पांच बजे तक एनएच को यातायात के लिए बहाल करवाया। वहीं, लोनिवि मंडल सलूणी के अधीन आते दो मार्ग सुबह 11 बजे भूस्खलन से बंद पड़ गए। मार्गों के बंद पड़ जाने पर यातायात कुछ देर प्रभावित हुआ। दोपहर 12 बजे मार्गों को बहाल कर दिया गया।
वहीं सोमवार को महिला मंडल खनोड़ा के आंगन का डंगा गिर गया। जिससे भवन को खतरा उत्पन्न हो गया है। बहरहाल, पंचायत प्रतिनिधि द्वारा प्रशासन को अवगत करवाया गया।
एनएच मंडल चंबा के अधिशासी अभियंता राजीव कुमार ने कहा कि भरमौर-पठानकोट एनएच सुनारा चौक व केरू पहाड़ के पास भूस्खलन होने से बंद होते व खुलते रहे। बंद होने वाले एनएच को तुरंत बहाल करने के लिए विभाग द्वारा मशीनरी तैनात की गई है।