शहर के सर्वे में फंसा ड्रोन उड़ाने की अनुमति का पेच
निदेशालय ने नगर परिषद चंबा को अनुमति लेने के लिए लिखा पत्र, कहा-इसके बाद ही होगा सर्वे
दो साल से सर्वे करने नहीं आई है टीम, नगर परिषद ने एडवांससें जमा करवाई 30 प्रतिशत की राशि
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। शहर में गृहकर को लेकर होने वाले सर्वे में अब ड्रोन उड़ाने की अनुमति का पेच फंस गया है। शहरी एवं विकास निदेशालय ने नगर परिषद चंबा को उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक से इस बारे में अनुमति लेने के बारे में कहा गया है। ड्रोन उड़ाने की अनुमति मिलने के बाद ही शहर में सर्वे का कार्य शुरू हो सकेगा।
शहर के 11 वार्डों में चौगान, कसाकड़ा, हटनाला, सपड़ी, जुलाहकड़ी, जनसाली, सुराड़ा, चौंतड़ा, धड़ोग, हरदासपुरा और सुल्तानपुर वार्डो में करीब पांच हजार गृह मालिक निवास करते हैं। नगर परिषद चंबा इन गृह मालिकों से गृह कर वसूल करती है। बीते वर्ष नगर परिषद ने गृह कर में बढ़ोतरी कर दी थी। इसे लेकर शहरवासी सड़कों पर उतर आए थे। इसके बाद नगर परिषद को गृह कर लगाने का निर्णय वापस लेना पड़ा था। साथ ही इसके लिए नए सिरे से सर्वे करवाने की बात कही थी। इसके लिए नगर परिषद ने शहरी एवं विकास निदेशालय से पत्राचार किया था। सर्वे के लिए नप ने 30 प्रतिशत राशि भी एडवांस में जमा करवा दी थी। दो साल तक निदेशालय की टीम सर्वे के लिए नहीं आई। अब इसमें ड्रोन उड़ाने की अनुमति का पेच फंस गया है। निदेशालय ने नगर परिषद को ड्रोन उड़ाने की अनुमति लेने के लिए लिखा है। शहर में वर्ष 2017-18 में हाउस टैक्स को लेकर सर्वे हुआ था। उस दौरान मकान मालिकों का टैक्स पांच सौ रुपये तक था। पिछले वर्ष नगर परिषद ने यह टैक्स बढ़ाकर पांच हजार से पचास हजार कर दिया है। इसका शहरवासी विरोध कर रहे थे। शहरवासियों ने नए सिरे से सर्वे करवाने के लिए आवाज बुलंद की थी।
नगर परिषद चंबा की अध्यक्ष नीलम नैय्यर ने कहा कि निदेशालय की ओर से ड्रोन उड़ाने के लिए अनुमति मांगने के बारे में पत्र भेजा गया है। बताया कि इस बारे में उपायुक्त के माध्यम से एसपी चंबा को पत्र भेजा जाएगा।