मुख्यमंत्री की जनसभा के बहाने विधायक नीरज का शक्ति प्रदर्शन
भीड़ से भरा पंडाल, कई लोगों को नहीं मिली बैठने के लिए कुर्सियां तो खड़े होकर सुना भाषण
सीएम ने भी थपथपाई विधायक की पीठ, बोले- सत्ता या पैसों के लिए नहीं आए हैं नीरज
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के चंबा शहर प्रवास के दौरान सदर के विधायक नीरज नैय्यर ने अपना शक्ति प्रदर्शन दिखाया। विधानसभा क्षेत्र चंबा के दूरस्थ गांवों से भी बसों, निजी वाहनों के जरिये जनसभा में पहुंची लोगों की भीड़ को देखकर मुख्यमंत्री भी काफी प्रसन्न दिखे। लोगों और कर्मचारियों से भरे पंडाल में कुर्सियां भी भीड़ के आगे कम पड़ गईं। कई लोगों ने सड़क पर खड़े होकर मुख्यमंत्री का संबोधन सुना।
उधर, मुख्यमंत्री ने भी अपने संबोधन के दौरान सदर के विधायक को ईमानदार छवि वाला नेता करार दिया। कहा कि नीरज नैय्यर सत्तासुख या पैसों के लिए सत्तासीन नहीं हुए हैं, बल्कि वह चंबा की जनता की चिंता और उन्हें एक अच्छा भविष्य देने के लिए राजनीति में आए हैं। मुख्यमंत्री ने सदर के विधायक पर चुटकी ली, आकांक्षी जिला चंबा में मेडिकल कॉलेज के भवन निर्माण के लिए अधिक ध्यान न देने पर वह सुबह-रात और दिन के समय उनके पास पहुंचने लगे। आखिरकार मेडिकल कॉलेज चंबा के लिए सबसे अधिक 180 करोड़ रुपये स्वीकृत करवाए। कहा कि इस प्रकार के ईमानदार छवि के नेताओं को किसी भी सूरत में जनता को नहीं खोना चाहिए। कहा कि सदर के विधायक चंबा की जनता के लिए उनका पीछा तक नहीं छोड़ते हैं।