चंबा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चंबा दौरे से जिलावासियों को तीन मुख्य योजनाओं की घोषणा की उम्मीद जगी है। मंगला से चुवाड़ी सुरंग, पांगी घाटी की चैहणी सुरंग और सिकरीधार सीमेंट कारखानेे को लेकर जिलावासी लंबे समय से मांग कर रहे हैं लेकिन आज दिन तक उनकी यह मांग कोई सरकार पूरा नहीं कर पाई।
हालांकि, सिकरीधार सीमेंट कारखाने को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री एवं चंबा-कांगड़ा के पूर्व सांसद शांता कुमार ने जिले के लोगों को आश्वासन दिया था लेकिन अपने कार्यकाल के दौरान वह अपने आश्वासन को पूरा नहीं कर पाए। इसको लेकर उन्होंने चंबा के लोगों से माफी भी मांगी। अब प्रधानमंत्री के चंबा दौरे से जिले के लोगों को इस कारखाने की घोषणा की उम्मीद जगी है।
जनजातीय क्षेत्र पांगी के लोग चैहणी सुरंग को लेकर लंबे समय से मांग कर रहे हैं। साल में छह माह ही घाटी के लोग जिला मुख्यालय से सड़क से जुड़ पाते हैं। सर्दियों में भारी बर्फबारी होने के कारण वाया साच पास मार्ग बंद हो जाता है जो छह माह के उपरांत ही खुल पाता है। इन छह महीनों में घाटी के लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ती है। ऐसे में अगर चैहणी सुरंग का निर्माण होता है तो घाटी के लोग साल में 12 महीने जिला मुख्यालय के साथ यातायात के जरिये जुड़े रहेंगे।
इसी तरह मंगला-चुवाड़ी सुरंग बनने से भी चंबा से शिमला की दूरी में 40 से 50 किलोमीटर का अंतर आएगा। चंबा के लोग प्रदेश के अन्य जिलों में भी इस सुरंग के निर्माण से एक दिन में आवाजाही कर पाएंगे। फिलहाल अभी तक इन योजनाओं की घोषणा को लेकर मुख्यमंत्री ने कोई घोषणा नहीं की है। ऐसे में जिले के लोगों की उम्मीदें अब प्रधानमंत्री पर ही टिकी हैं।