चंबा। किलोड़ से कुनेड़ के लिए दो वर्ष बाद भी दस किलोमीटर सड़क नहीं बन पाई है। हालात यह हैं कि गांव में अगर कोई व्यक्ति बीमार पड़ जाता है तो उसे पीठ या पालकी में उठाकर सात से दस किलोमीटर का सफर तय कर सड़क तक पहुंचाना पड़ रहा है। इससे कई बार मरीज बीच रास्ते में ही दम तोड़ देते हैं।
छह माह से सड़क का निर्माण कार्य बंद पड़ा हुआ है। इसका खामियाजा लोगों को भुगतना पड़ रहा है। ग्रामीण सड़क का निर्माण कार्य शुरू करवाकर कुनेड़ को जल्द सड़क से जोड़ने की मांग कर रहे हैं बावजूद इसके अभी तक समस्या का समाधान नहीं हो पाया है।
ग्रामीणों ने भारत सरकार के ग्रामीण विकास मंत्री से मांग की है कि सड़क निर्माण कार्य आरंभ करवाकर उन्हें राहत दी जाए।
कुनेड़ पंचायत प्रधान विष्णु, उपप्रधान तिलक राज सहित शिल्पा देवी, मधु देवी, ठाकरी देवी, पिंकी देवी, आरती देवी आदि ने बताया कि पंचायत को प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत सड़क से जोड़ने की स्वीकृति मिली है। इसका कार्य 3 मार्च 2020 को आरंभ हुआ। दस किलोमीटर बनने वाली सड़क का कार्य सितंबर 2021 में पूरा होना सुनिश्चित किया गया लेकिन आज तक सड़क का कार्य पूरा नहीं हो पाया है। सड़क सुविधा से जुड़ने की आस रखने वाले ग्रामीण आज भी पैदल ही आवाजाही करने के लिए मजबूर हैं। सड़क न होने से गृह निर्माण सामग्री घरों तक पहुंचाना ग्रामीणों के लिए चुनौती बना हुआ है। कहा कि अधिकारियों को भी समस्या के बारे में अवगत करवाया गया है लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है।
लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता ठाकुर सिंह ने बताया कि उन्हें इसकी जानकारी मिली है। ठेकेदार को कार्य आरंभ करने के निर्देश जारी किए गए हैं। कार्य जल्द आरंभ न करने पर ठेकेदार के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।