चंबा। छत्तीसगढ़ में नवंबर में होने वाले ग्लोबल एजुकेशन कॉन्क्लेव में चंबा के शिक्षक युद्दवीर टंडन प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में 14 से 15 नवंबर तक ग्लोबल एजुकेशन कॉन्क्लेव का आयोजन किया जा रहा है।
कॉन्क्लेव में देश भर के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के करीब 50 शिक्षक, शोधार्थी और शिक्षाविद हिस्सा ले रहे हैं। इस सम्मेलन में प्रदेश से एक मात्र शिक्षक सुंडला के प्राथमिक पाठशाला अनोगा के कनिष्ठ अध्यापक युद्धवीर टंडन का चयन हुआ है। टंडन का चयन उनके शिक्षा के क्षेत्र में किए नवाचारों को ध्यान में रखते हुए किया गया है।
इस सम्मेलन में देश और विदेश से आए नवाचारी शिक्षकों के समक्ष युद्धवीर प्रस्तुति देंगे। उनकी प्रस्तुति का थीम भविष्य के विद्यालयों की पुन: कल्पना है। वे खेल, गतिविधियों और नवाचारों से शिक्षा विषय पर प्रस्तुति देंगे। गौरतलब है कि टंडन बच्चों को खेल खेल में गणित और भाषा शिक्षण के साथ सवाल जवाब भागम भाग जैसे सामान्य ज्ञान बढ़ोत्तरी में सहायक खेलों से शिक्षा देते हैं। इसके साथ ही उनकी शिक्षा गतिविधियों और नवाचारों पर आधारित शिक्षा रहती है जो बच्चों के बहुमुखी विकास का कार्य करती है। शिक्षक युद्धवीर टंडन पहले भी कई अंतरराष्ट्रीय, राष्ट्रीय और राज्य स्तर की गोष्ठी, संगोष्ठी और सम्मेलनों में हिस्सा ले चुके हैं।