Bus facility will be available on Saluni-Kilor road
सलूणी (चंबा)। रियासत काल में बनी सलूणी-किलोड़ सड़क को पांच करोड़ की धनराशि से बस योग्य बनाया जा रहा है। इससे पांच पंचायतों के दर्जनों गांवों के लोगों को लाभ मिलेगा। ग्रामीण सड़क को बस योग्य बनाने के लिए लंबे समय से मांग कर रहे थे। इसके लिए उन्होंने कई बार विभाग और सरकार को भी ज्ञापन सौंपे, तब जाकर सड़क के जीर्णोद्धार का कार्य शुरू हो पाया है।
तीन किलोमीटर लंबी सड़क बनने से ग्राम पंचायत सलूणी, खरल, खरोटी, सूरी और किलोड़ के ग्रामीणों को लाभ पहुंचेगा। सड़क की हालत इतनी खस्ता हो चुकी थी कि वाहन चालक अपनी गाड़ी को इस मार्ग पर ले जाने से तौबा करते थे। इससे ग्रामीणों को पैदल ही तीन किमी का सफर तय करना पड़ता था। बीमार लोगों को स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचाना काफी मुश्किल होता था। लेकिन, अब बस योग्य सड़क बनने से ग्रामीणों को एंबुलेंस सहित अन्य वाहनों की सुविधा मिलेगी। लोनिवि ने सड़क को चौड़ा करने के लिए टेंडर करवाकर कार्य शुरू करवा दिया है।
चैन सिंह, मान सिंह, अनिल कुमार, जोधा राम, टेक चंद और प्रेम लाल ने बताया कि सड़क को बस योग्य बनाए जाने पर लोगों में खुशी की लहर है। ग्रामीण बस के जरिये सलूणी के लिए आवाजाही कर पाएंगे। उन्होंने सड़क बनाने के लिए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और लोनिवि का आभार प्रकट किया है। लोनिवि के अधिशासी अभियंता दीपक महाजन ने बताया कि सड़क का कार्य युद्धस्तर पर चलाया गया है। ठेकेदार को एक वर्ष में कार्य पूर्ण करने के आदेश दिए गए हैं।