समूह बनाकर व बिना मास्क चंबा कॉलेज परिसर में बैठे छात्र।
- फोटो : Chamba
चंबा। लंबे समय बाद कॉलेज खुले हैं। लेकिन, चंबा महाविद्यालय में दूसरे ही दिन विद्यार्थियों की लापरवाही का सिलसिला शुरू हो गया। हैरानी की बात तो यह है कि कॉलेज प्रशासन की ओर से कोरोना नियमों की अवहेलना करने वाले विद्यार्थियों पर नजर रखने के लिए कोई व्यापक प्रबंध नहीं किए गए हैं। कॉलेज प्रशासन ने खानापूर्ति के तौर पर महज नोटिस बोर्ड में निर्देश चस्पा कर दिए हैं।
कॉलेज खुलने के बाद दूसरे दिन संवाददाता ने कोरोना नियमों के पालन के निर्देशों को लेकर स्थिति का जायजा लिया।
कॉलेज में कई विद्यार्थी कोविड नियमों की अवहेलना करते पाए गए। जबकि, कॉलेज प्रशासन का दावा था कि विद्यार्थी कोविड की रोकथाम के लिए बनाए गए नियमों का पालन करेंगे। कॉलेज के मुख्य गेट पर एंट्री के लिए कोई व्यवस्था नहीं थी। हालांकि, परिसर में प्रवेश करने के लिए थर्मल स्क्रीनिंग जरूरत की जा रही है। वहीं, कॉलेज प्रशासन ने सप्ताह के दो दिन अलग-अलग कक्षाओं को ऑफलाइन पढ़ाने की व्यवस्था भी की है। बावजूद इसके कॉलेज की कक्षाओं में दो गज दूरी के नियम की भी धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। कुल मिलाकर कॉलेज प्रशासन की ओर से बरती जा रही लापरवाही बड़े खतरे की ओर संकेत कर रही है।
कॉलेज प्राचार्य डॉ. शिवदयाल का कहना है कि कॉलेज प्रशासन की ओर से कोविड नियमों की पालना के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कॉलेज में बिना मास्क घूमने वाले बच्चों पर पैनी नजर रखी जाएगी। इसके लिए पुलिस प्रशासन को भी जल्द पत्र लिखा जाएगा।