डलहौजी (चंबा)। डलहौजी में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व धूमधाम से मनाया जाएगा। सनातन धर्म सभा से अनिल शर्मा ने बताया कि सदर बाजार स्थित श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर में 20 से 27 अगस्त तक श्रीमद्भागवत सप्ताह ज्ञान यज्ञ का आयोजन किया जाएगा।
20 अगस्त को सुबह 11 बजे लक्ष्मी नारायण मंदिर सदर बाजार से कलश यात्रा निकाली जाएगी। कलश यात्रा मंदिर से शुरू होकर कोर्ट रोड, सुभाष चौक से होते हुए मंदिर परिसर में संपन्न होगी। इसके साथ ही मंदिर परिसर में श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ होगा। उन्होंने बताया कि कथा रोजाना दोपहर तीन बजे से शाम 6 बजे तक होगी। वृंदावन धाम से पंडित हेमंत कुमार शास्त्री कृष्ण महिमा का गुणगान करेंगे। बताया कि 25 अगस्त को दोपहर 3:30 बजे शोभायात्रा होगी। इस दौरान बच्चों की ओर से श्री कृष्ण लीला का मंचन करने सहित सुभाष चौक में मटकी फोड़ना आदि गतिविधियां करवाई जाएंगी। शोभायात्रा लक्ष्मी नारायण मंदिर से शुरू होकर कोर्ट रोड, सुभाष चौक और गांधी चौक से होते हुए रात 8 बजे मंदिर परिसर में पहुंचकर संपन्न होगी। 26 अगस्त को जन्माष्टमी पर मंदिर परिसर में रात 8 से 12 बजे तक कार्यक्रम होगा। भजन-कीर्तन से श्रीकृष्ण की महिमा का गुणगान किया जाएगा। 27 अगस्त को मंदिर में हवन होगा। दोपहर एक से देर शाम तक भंडारा होगा।