वीकेंड के लिए घूमने पहुंचे पर्यटक रविवार को लौटे वापस
60 फीसदी पैक चल रहे होटलों के कमरे पहुंच गए 20 फीसद
संवाद न्यूज एजेंसी
खज्जियार (चंबा)। दो दिन की रौनक के बाद अब फिर से पर्यटन नगरी खज्जियार में सन्नाटा पसरने वाला है। शनिवार और रविवार को यहां पर्यटकों की काफी भीड़ थी, लेकिन रविवार शाम को पर्यटक वापस चले गए।
ऐसे में 60 फीसदी पैक होटलों के कमरे 20 फीसदी में पहुंच गए। वीकेंड तक कारोबारियों को पर्यटकों की भीड़ जुटने का इंतजार करना पड़ेगा।
स्थानीय निवासी अशोक कुमार, रिंकू, मोनू, संजू, विशाल, टेक चंद और रवि कुमार ने बताया कि यहां के स्थानीय लोगों का मुख्य व्यवसाय पर्यटन कारोबार पर ही निर्भर है। यहां जुटने वाली पर्यटकों की भीड़ से उनकी आमदनी होती है। ग्रामीण भुट्टा, घुड़सवारी, पैराग्लाइडिंग, हैंडबाल, ढाबा सहित अन्य गतिविधियों से पैसे कमाते हैं। यदि यहां पर्यटन न पहुंचें तो उनका कारोबार मंदा पड़ जाता है। ऐसे में उन्हें अपने परिवार के भरण पोषण की चिंता भी सताने लगती है। उन्हें पूरी उम्मीद है कि जिस प्रकार से पिछले दो दिनों में भीड़ देखने काे मिली, उसी तरह आगामी दिनों में यहां भीड़ जुटेगी।