खज्जियार (चंबा)। कोहलड़ी और सिंगी पंचायत के पास रविवार रात को जंगलों में भयानक आग भड़क गई। आग की चपेट में आने से राजकीय प्राथमिक पाठशाला भलोली की दो खिड़कियां भी जल गईं। गनीमत यह रही कि आग की चपेट में आने से किसी प्रकार का जानमाल का नुकसान नहीं हुआ है।
आग तेजी से फैलते हुए लोगों के घरों के पास पहुंच गई जिसे बुझाने के लिए सभी ग्रामीण जुट गए। लोगों ने अपने घरों से पानी की बाल्टियां भरकर आग बुझाने का प्रयास किया। आग की सूचना मिलते ही वन विभाग के कर्मचारी भी मौके पर पहुंच गए। देर रात तक ग्रामीण और विभाग के कर्मचारी आग बुझाने में डटे रहे। तेज हवा के कारण आग तेजी से फैल रही थी। डलहौजी के वनमंडल अधिकारी कमल भारती ने बताया कि जंगलों में आग लगने की सूचना मिलते ही टीम वहां पहुंच गई थी। आग को लोगों के घरों तक नहीं पहुंचने दिया। आग लगाने वाले शरारतीतत्वों का पता नहीं लगा है। अज्ञात लोगों के खिलाफ विभाग पुलिस में एफआईआर दर्ज करवाएगा।