Coronavirus economic impact concept image
- फोटो : Feydzhet Shabanov - stock.adobe.
चंबा। कोविड अस्पताल चंबा में मरने वाले कोरोना मरीजों में कोरोना के नए स्वरूप का पता लगाने के लिए उनके सैंपल लेकर दिल्ली भेजे जा रहे हैं। इससे इस बात को सुनिश्चित किया जा रहा है कि मरने वाले रोगी में कोरोना का कौन सा वैरिएंट था, जिसके कारण उसकी मौत हुई। जिले में दो दिन पहले कोरोना से मरने वाली एक बुजुर्ग महिला का सैंपल दिल्ली भेजा गया है।
इस महिला को वैक्सीन की दोनों डोज लोग चुकी थीं लेकिन, कोरोना संक्रमित होने के बाद उसकी हालत काफी नाजुक बनी हुई थी। ऐसे में उसकी मौत किस वैरिएंट की वजह से हुई है, इसका पता लगाने के लिए सैंपल को जांच के लिए दिल्ली भेजा गया है। इसके अलावा 15 अन्य कोरोना मरीजों के सैंपल भी ओमिक्रॉन जांच के लिए दिल्ली भेजे गए हैं। इनमें दो रोगी विदेशों से चंबा पहुंचे हैं, जिनकी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई है। ऐसे में उनकी ओमिक्रॉन जांच की जाएगी। फिलहाल, उन्हें होम आइसोलेट किया गया है।
स्वास्थ्य विभाग जिले में कोरोना से मरने वाले मरीजों के सैंपल लेकर वैरिएंट का का पता लगाने का प्रयास कर रहा है। इसके लिए ऐसे मरीजों को चुना जा रहा है, जो वैक्सीन की दोनों डोज लगवाने के बाद संक्रमित हुए हों या ऐसे मरीज जिनकी हालत अस्पताल में सबसे ज्यादा गंभीर बनी हुई है। कोविड अस्पताल चंबा में उपचाराधीन दस मरीज ऐसे हैं जिनकी हालत गंभीर है। उनकी देखभाल के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीमें डटी हुई हैं।
स्वास्थ्य विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉक्टर हरित पुरी ने बताया कि कोरोना से मरने वाले रोगियों के सैंपल लेकर नए वैरिएंट का पता लगाया जा रहा है। दो दिन पहले चंबा से दिल्ली 15 रोगियों के सैंपल भेजे गए हैं। इनकी रिपोर्ट आने के बाद ही कोरोना के नए स्वरूप के अस्तित्व का पता लगा पाएगा।