चंबा। भरमौर क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने और मणिमहेश यात्रियों की यात्रा को सुगम बनाने संबंधी सवा किलोमीटर लंबे रोप-वे निर्माण की योजना धरी की धरी रह गई। 120 करोड़ की डीपीआर तैयार होने के बावजूद इसका निर्माण कार्य अब तक आरंभ नहीं हो पाया है। हालांकि, रोपवे एंड रेपिड ट्रांसपोर्ट सिस्टम डेवलपमेंट हिमाचल प्रदेश से संपर्क कर डीपीआर बनाने के अलावा सर्वे भी हो चुका है। बावजूद इसके, रोप-वे से जुड़ने की आस लिए बैठे स्थानीय लोगों सहित यात्रियों को अभी और इंतजार करना पड़ सकता है।
जिला चंबा के पहले रोप-वे का निर्माण कार्य शुरू होने से पहले ही ठंडे बस्ते में पड़ गया है। प्रशासन ने भरमौर-भरमाणी रोपवे की डीपीआर बनाने के लिए लोक निर्माण विभाग को 5.70 लाख रुपये जारी किए। इसके तहत लोक निर्माण विभाग भरमौर की ओर से ये पैसे रोप-वे कारॅपोरेशन शिमला के पास जमा करवा दिए गए। पैसे जमा होने के बाद डीपीआर तैयार करवाकर बाकायदा रोप-वे निर्माण संबंधी सर्वे भी हुए और टेंडर प्रक्रिया को अमलीजामा पहनाया गया। सूत्रों के मुताबिक रोप-वे का निर्माण करवाने संबंधी कार्य टाटा कंपनी को सौंपा गया है। बावजूद इसके अभी तक निर्माण कार्य आरंभ नहीं हो सका है।
भरमौर से भरमाणी माता मंदिर तक जीप योग्य सड़क बनी है लेकिन सड़क तंग होने के कारण मणिमहेश यात्रा के दौरान यहां जाम लग जाता है। दूसरी ओर बाड़ी से वाया मलकौता गांव होते हुए भरमाणी माता मंदिर तक पैदल रास्ता है लेकिन रास्ते के बीच में किसी प्रकार की सुविधा यात्रियों को नहीं मिल पाती है। ऐसे में रोप-वे का निर्माण हो जाने से ग्रामीण और श्रद्धालुओं को लाभ मिलेगा।
मान्यता है कि मणिमहेश यात्रा में जाने वाले श्रद्धालु सबसे पहले माता भरमाणी के मंदिर में दर्शन करने के लिए पहुंचते हैं। यहां स्थित कुंड में स्नान करने के बाद मणिमहेश यात्रा पर श्रद्धालु निकलते हैं। बिना भरमाणी माता मंदिर के दर्शन और स्नान के मणिमहेश यात्रा अधूरी मानी जाती है।
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता संजीव महाजन ने बताया कि इसके बारे में रोप-वे कॉरपोरेशन के अधिकारी ही विस्तार से जानकारी दे सकते हैं।
भाजपा प्रत्याशी डॉ. जनक राज ने बताया कि भाजपा सरकार रिपीट होते ही प्राथमिकता के आधार पर रोप-वे का निर्माण करवाया जाएगा।
कांग्रेस प्रत्याशी ठाकुर सिंह भरमौरी ने बताया कि कांग्रेस कार्यकाल में हुए कार्यों को भाजपा ने द्वेष भावना से रोका है। भाजपा विकास करवाने के बजाय अपना विकास करवाने में विश्वास रखती है। कांग्रेस सरकार आने पर रोप-वे का कार्य प्राथमिकता से करवाया जाएगा।