खज्जियार (चंबा)। पर्यटन स्थल खज्जियार को भले ही मिनी स्विट्जरलैंड का दर्जा दिया गया हो लेकिन यहां सैलानियों समेत लोगों को आज भी मूलभूत सुविधाएं नहीं मिल पाई हैं। पर्यटन स्थल में आज तक न कोई बैंक शाखा खुल पाई है और न ही एटीएम तक की सुविधा है। इससे लोगों समेत पर्यटकों को पैसों की जरूरत पड़ने पर परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
अगर पर्यटकों को एटीएम से पैसे निकालने हों तो उन्हें चंबा और डलहौजी की दौड़ लगानी पड़ती है। इस समस्या को लेकर ग्रामीणों ने जहां कई बार प्रशासन से गुहार लगाई तो वहीं नेताओं को भी ज्ञापन सौंपे लेकिन आज तक कोई पहल नहीं हो पाई है। नेता चुनाव के दौरान घोषणा तो करते हैं लेकिन अभी तक कोई सकारात्मक पहल नहीं हो पाई है।
ग्राम पंचायत खज्जियार, कोहलड़ी, रठियार, सिंगी और औड़ा के ग्रामीणों को बैंकिंग सुविधाओं के लिए 25 किलोमीटर दूर जिला मुख्यालय आना पड़ रहा है। ग्रामीण सुरेश कुुमार, देव प्रकाश, सुनीता देवी, रेश्मा देवी, सुनील कुमार, प्रीतम चंद, चमन लाल, कुलदीप कुमार, खेमराज और दिनेश कुमार का कहना है कि यहां बैंक और एटीएम खुलने से जहां आधा दर्जन पंचायतों के लोगों को लाभ मिलेगा तो वहीं दूसरी तरफ पर्यटन सीजन के दौरान पर्यटकों को भी बड़ी राहत मिलेगी।
बैंक और एटीएम की सुविधा के लिए ग्रामीण और पर्यटक पर्यटन नगरी डलहौजी और जिला मुख्यालय पर ही निर्भर हैं। यह दोनों स्टेशन खज्जियार से काफी दूर हैं। इस वजह से लोगों का पूरा दिन आवाजाही में ही निकल जाता है। ग्रामीणों ने सरकार से गुहार लगाई कि पर्यटन स्थल खज्जियार में जल्द बैंक शाखा और एटीएम खोला जाए।
सदर विधायक पवन नैयर का कहना है कि यह मामला उनके ध्यान में है। कहा कि चुनाव के बाद इसके बारे में उचित प्रयास किए जाएंगे।
कांग्रेस प्रत्याशी नीरज नैयर का कहना है कि अगर चंबा सदर की जनता उन्हें विधानसभा पहुंचाती है तो वह हरेक क्षेत्र की ज्वलंत मांगों को पूरा करने की कोशिश करेंगे।