चंबा। चलो चंबा अभियान के तहत रैली ऑफ चंबा का आयोजन जून माह में होगा। रैली के आयोजन को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। उपायुक्त डीसी राणा ने ब्राउनबियर मोटर स्पोर्ट्स सोसायटी की ओर से बनाए गए रैली ऑफ चंबा-2022 के थ्री डी लोगो के विमोचन के दौरान यह जानकारी दी। उपायुक्त ने कहा कि गत वर्ष की भांति इस वर्ष भी रैली ऑफ चंबा के दूसरा चरण का आयोजन 9 से 12 जून तक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि रैली के आयोजन में जिला प्रशासन की ओर से हरसंभव सहायता दी जाएगी। इस तरह के कार्यक्रमों से चंबा में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और लोग चंबा की प्राकृतिक खूबसूरती को भी देख सकेंगे।
डीसी ने कहा कि देश के विभिन्न राज्यों से प्रतिभागी रैली में भाग लेंगे। इसमें बाइक और कार रेस शामिल है, जिसके लिए प्रतिभागियों की बुकिंग भी आरंभ कर दी गई है। रैली ऑफ चंबा के थ्री डी लोगो को ब्राउनबियर मोटर स्पोर्ट्स सोसायटी के सदस्य एवं निफ्ट कांगड़ा के छात्र प्रिंस कुमार राज ने तैयार किया है। कहा कि चलो चंबा अभियान को शुरू करने का मुख्य मकसद जिले के अनछुए पर्यटन स्थलों को उजागर करना है और देशभर में इनकी पहचान बनाना है।
अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं जिससे जिला चंबा को देशभर में एक पहचान मिल रही है। इस अवसर पर अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी अमित मेहरा, अतिरिक्त आयुक्त उपायुक्त रामप्रसाद शर्मा, उपमंडल अधिकारी नवीन तनवर, नोट ऑन मैप संस्था के संस्थापक मनु शर्मा उपस्थित रहे।