चंबा कॉलेज में उलझते एबीवीपी व एसएफआई के कार्यकर्ता।
- फोटो : Chamba
चंबा। चंबा कॉलेज में गेट के बाहर उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया जब, एसएफआई और एबीवीपी कार्यकर्ता आपस में ही उलझ पड़े। यह घटना सोमवार दोपहर की है। घटना की सूचना मिलते ही कॉलेज प्रशासन की ओर से पुलिस चौकी सुल्तानपुर को सूचना दी गई। उसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने कार्यकर्ताओं को शांत करवाया। इस मामले में फिलहाल पुलिस की तरफ से कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
जानकारी के मुताबिक सोमवार को मांगों को लेकर एसएफआई और एबीवीपी कार्यकर्ता प्रदर्शन कर रहे थे। इसी बीच दोनों संगठनों के कार्यकर्ताओं के बीच कहासुनी हो गई और दोनों संगठनों के कार्यकर्ता आपस में ही उलझ पड़े। कॉलेज प्रशासन को जैसे ही इसकी सूचना मिली तो तुरंत पुलिस चौकी सुल्तानपुर को सूचित किया गया।
उसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने कार्यकर्ताओं को छुड़वाया। गौरतलब है कि इससे पहले हुई मारपीट की घटनाओं के बाद चंबा कॉलेज प्रशासन की ओर से कैंपस के भीतर नारेबाजी और धरना प्रदर्शन पर रोक लगाई गई है। कॉलेज प्राचार्य डॉ. शिवदयाल ने बताया कि गेट के बाहर कार्यकर्ता उलझ गए थे। उन्होंने कहा कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामला शांत करवाया।