चंबा। ऐतिहासिक लक्ष्मीनारायण मंदिर के पुजारी और स्थानीय लोगों ने मंदिर परिसर में दो घंटे (सुबह 6 से 8 बजे) तक सांकेतिक धरना दिया। इस दौरान उन्होंने मंदिर प्रबंधन कमेटी के खिलाफ आक्रोश व्यक्त किया। कहा कि मंदिर पुजारियों के साथ की जाने वाली व्यवस्था संतोषजनक नहीं है।
पुजारी शांति दत्त शर्मा, राजीव शर्मा, विनय शर्मा, हर्ष कामराय, दिनेश शर्मा, मनीष कुमार, केहर सिंह, धीरज, नरेश महाजन और मंगलेश शर्मा ने कहा कि जब से लक्ष्मीनारायण मंदिर ट्रस्ट बना है, यहां व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है। विशेषकर तीन साल से जब से नई प्रबंधन समिति का गठन हुआ है हालात बहले से बदतर हो चुके हैं। कहा कि मंदिर कमेटी के कुछेक पदाधिकारी अच्छा व्यवहार नहीं कर रहे हैं। उन्हें धमकाया जा रहा है। कमेटी सदस्य गर्भगृह में हस्तक्षेप कर रहे हैं जबकि गर्भगृह की व्यवस्था देखने का कार्य पुजारी का है। कहा कि जिला प्रशासन से कई बार ट्रस्ट को डिनोटिफाई करने की मांग की गई लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। बीते दिनों मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के चंबा आगमन पर उनसे मिलकर ट्रस्ट को निरस्त करने की मांग की गई थी। उन्होंने एक बार फिर से प्रशासन और सरकार से अपील की है कि ट्रस्ट को डिनोटिफाई कर पहले जैसी व्यवस्था लागू की जाए।
उपमंडल अधिकारी अरुण शर्मा ने कहा कि उनके पास इसके बारे में लिखित में कोई शिकायत नहीं आई है। कहा कि इसके बारे में पुजारी और अन्य लोगों से इसकी बात की जाएगी।