खज्जियार में पार्किंग के पास फेंकी गई गाद।
- फोटो : Chamba
खज्जियार (चंबा)। मिनी स्विटजरलैंड के नाम से विख्यात पर्यटन स्थल खज्जियार में झील से निकाली जा रही गाद को पार्किंग में ठिकाने लगाया जा रहा है। इसके चलते यहां दलदल बनने के साथ ही हरे-भरे पेड़ों को भी नुकसान हो सकता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि विभाग की ओर से ठेकेदार के माध्यम से खज्जियार झील से गाद निकाली जा रही है, लेकिन झील साफ करने का कार्य तो सही ढंग से किया जा रहा है लेकिन उससे निकलने वाली गाद पार्किंग को खराब कर रही है। पार्किंग में गाद के लगे ढेर साफ दिखाई दे रहे हैं। सुभाष कुमार, सोनू कुमार, तिलक राज, प्रवीण कुमार, मनोज कुमार, अमर चंद, कर्म चंद, विजय कुमार, धर्म चंद आदि का कहना है कि पार्किंग में पर्यटकों के वाहन खड़े रहते हैं। ऐसे में वाहन कीचड़ से खराब हो रहे हैं। साथ ही आसपास के पेड़ों के अस्तित्व को भी खतरा पैदा हो गया है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि गाद को सही ढंग से निर्धारित डंपिंग साइट में फेंका जाए।
उधर, वन मंडल अधिकारी राजीव कुमार का कहना है कि यह मामला ध्यान में लाया गया है। कहा कि ठेकेदार को जुर्माना ठोंका जाएगा। साथ ही इस जगह को खाली करवाया जाएगा।