पांगी में पंगवाल स्नो फेस्टिवल के समापन समारोह के दौरान चुने गए मिस्टर एंड मिस स्नो फेस्ट को सम्म
- फोटो : Chamba
पांगी (चंबा)। पंगवाल स्नो फेस्टिवल में मिस फेस्ट का खिताब राजकीय माध्यमिक पाठशाला किलाड़ी की मीनाक्षी के सिर सजा। मिस्टर फेस्ट राजकीय महाविद्यालय किलाड़ के सचिन चुने गए। चलो चंबा अभियान के तहत सात दिवसीय पंगवाल स्नो फेस्टिवल का समापन पांगी मुख्यालय किलाड़ के रामलीला मैदान में किया गया। कार्यक्रम में आवासीय आयुक्त बलवान चंद बतौर मुख्यातिथि और उपमंडलाधिकारी रजनीश शर्मा विशेष रूप से मौजूद रहे। इस दौरान विभिन्न महिला मंडलों की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए। इसमें महिलाओं की ओर से प्रस्तुत किया गया मुखौटा नृत्य विशेष रूप से आकर्षण का केंद्र रहा।
इसके अतिरिक्त मिस्टर एंड मिस स्नो फेस्ट का फाइनल राउंड भी हुआ। इस अवसर पर आवासीय आयुक्त ने स्नो फेस्टिवल के सफल आयोजन के लिए पांगी की समस्त जनता सहित उपमंडल के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि पांगी की संस्कृति और पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से फेस्टिवल का आयोजन किया गया। इस दौरान उन्होंने लोगों को ‘स्वच्छ पांगी स्वस्थ पांगी’ का नारा भी दिया। आवासीय आयुक्त ने कार्यक्रम के तहत रस्साकशी के फाइनल मैच के विजेता पंगवाल लोकल्स और पंगवाल स्नो फेस्टिवल में करवाई गई खेल प्रतियोगिताओं और अन्य सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार वितरित किए।