Man dies after falling in Seyul Khad
चंबा। सियुल खड्ड में गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान हसीन पुत्र रहीसुदीन निवासी मकान नंबर बी-170, गली नंबर-7 बृजपुरी, उत्तर-पूर्वी दिल्ली के रूप में हुई है।
हसीन भांदल के पास पनोगा गांव में पुल के निर्माण कार्य में लगा हुआ था। शुक्रवार सुबह साढ़े नौ बजे जब उसे खड्ड से पानी लेने के लिए भेजा गया तो वह काफी देर तक वापस काम पर नहीं लौटा। अन्य साथी जब उसे देखने के लिए वहां पहुंचे तो वह बेसुध हालत में खड्ड के पानी में गिरा हुआ था। उसे उठाकर तुरंत सिविल अस्पताल किहार पहुंचाया गया, जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही किहार थाने से पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई।
पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया और मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दी। परिजनों ने पुलिस को पोस्टमार्टम करवाने से पहले शव देखने की बात कही है। इसके चलते पुलिस ने अभी तक शव का पोस्टमार्टम नहीं करवाया है। परिजन शुक्रवार देर शाम तक चंबा पहुंचेंगे। शनिवार को चंबा मेडिकल कॉलेज में शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। इसमें मौत के सही कारणों का खुलासा होगा। पुलिस अधीक्षक अरुल कुमार ने बताया कि पुलिस आगामी कार्रवाई कर रही है।