तीसा (चंबा)। चुराह उपमंडल की ग्राम पंचायत गुवाड़ी को देवीकोठी पंचायत से जोड़ने के लिए बलसियो खड्ड पर बनाई गई पुली हादसों को न्योता दे रही है। हालत यह है कि इस पुली पर लोहे की चादरें तक नहीं डाली गई हैं। जर्जर तख्तों के सहारे ही लोग आवाजाही करने के लिए मजबूर हैं। प्रशासन ने सात माह से इस पुली की सुध नहीं ली है। पुली से रोजाना तीन पंचायतों गुवाड़ी, घुलेई और देवीकोठी की तीन हजार आबादी आवाजाही करती है। ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत प्रतिनिधियों के समक्ष भी मांग उठाई गई लेकिन, अभी तक जर्जर पुली की मरम्मत नहीं की गई है।
जल्द सुधारी जाए पुली की दशा : मस्तु
मिडल स्कूल पुकथला की मिड-डे मील वर्कर मस्तु ने बताया कि रोजाना उन्हें जर्जर पुली को पार कर ड्यूटी जाना पड़ता है। खस्ताहाल पुली पर उन्हें अपनी जान जोखिम में डाल कर ही गुजरना पड़ता है। उन्होंने पुली की सुध लेने की मांग की है।
हर समय हादसे का खतरा : राकेश
गुवाड़ी निवासी राकेश कुमार ने बताया कि जब देवीकोठी के लिए सड़क नहीं थी तब सभी लोग यहीं से आवाजाही करते थे। रियासतकालीन इस पुली की समय पर सुध न लिए जाने से यह हादसों को न्योता दे रही है।
जरा सी चूक पड़ सकती है भारी : शुभ सिंह
देवीकोठी निवासी शुभ सिंह ने बताया कि पुली का निर्माण 1910 में हुआ है। गुवाड़ी, देवीकोठी और घुलेई पंचायतों के ग्रामीण और स्कूली बच्चे यहीं से आवाजाही करते हैं। पुली पार करते समय जरा सी लापरवाही से व्यक्ति खड्ड में गिर सकता है।
नहीं सुनते पंचायत प्रतिनिधि : सुरेंद्र
देवीकोठी निवासी सुरेंद्र कुमार ने कहा कि जर्जर पुली की सुध न लेना विभाग की लापरवाही को दर्शाता है। कहा कि पुली की मरम्मत होना अति आवश्यक है। पंचायत प्रतिनिधियों को कई बार अवगत करवाया लेकिन, समस्या बरकरार है।
मरम्मत के लिए भेजा प्रस्ताव : चमन
गुवाड़ी पंचायत उपप्रधान चमन शर्मा ने बताया कि पंचायत में पुली की मरम्मत का प्रस्ताव डाला गया है। जैसे ही बजट स्वीकृत होगा, कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
बीडीओ तीसा अश्वनी ठाकुर ने कहा कि संबंधित पंचायत सचिव और प्रधान को मौके की रिपोर्ट लाने के जारी किए जाएंगे।
एसडीएम तीसा गिरीश शर्मा ने बताया कि पंचायत की ओर से उनके पास प्रस्ताव आता है तो बजट स्वीकृत करवाकर पुली की मरम्मत करवा दी जाएगी।