शौर हेलीपैड के पास रखी 300 मीटर केबल जलाई, 33 केवी लाइन का काम प्रभावित होने की आशंका
ठेकेदार ने पुलिस में दर्ज करवाई शिकायत, अज्ञात लोगों की पहचान कर कार्रवाई करने की उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। जनजातीय क्षेत्र पांगी के शौर हेलीपैड के समीप रखी बिजली बोर्ड के ठेकेदार की करीब 300 मीटर विद्युत केबल को अज्ञात लोगों ने आग लगा दी। घटना में पूरी केबल जलकर राख हो गई। इससे ठेकेदार को लगभग छह लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
केबल क्षेत्र में बिजली व्यवस्था सुधारने के लिए बिछाई जा रही 33 केवी लाइन के कार्य में इस्तेमाल होनी थी। घटना के बाद ठेकेदार ने पुलिस में शिकायत देकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
बिजली बोर्ड के पांगी मंडल की ओर से केंद्र सरकार की योजना के तहत थिरोट से किलाड़ तक 33 केवी विद्युत लाइन बिछाई जा रही है। इसका उद्देश्य क्षेत्रवासियों को बार-बार होने वाले बिजली कट से राहत दिलाना है। परियोजना के एक चरण को 10 दिसंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य है, जबकि पूरी लाइन का काम 30 मई 2027 तक पूरा कर बिजली आपूर्ति शुरू करने की योजना है। ऐसे में निर्माण सामग्री को जलाने की घटना से काम प्रभावित होने की आशंका है। इसका सीधा असर क्षेत्र की बिजली व्यवस्था सुधारने की योजना पर पड़ सकता है।
स्थानीय निवासी अमित कुमार, बुद्धि सिंह, राजेश कुमार, रवेल सिंह, अनंत सिंह, राजीव कुमार और नरेश कुमार ने घटना पर रोष जताया। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक कार्य में इस्तेमाल होने वाली संपत्ति को नुकसान पहुंचाने से विकास कार्यों में बाधा आती है। उन्होंने पुलिस और प्रशासन से आरोपियों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की।
विद्युत बोर्ड मंडल पांगी के अधिशासी अभियंता सुनील चंदेल ने बताया कि करीब 300 मीटर केबल जलाए जाने की सूचना मिली है। इस घटना का नुकसान क्षेत्र के लोगों को उठाना पड़ सकता है। ठेकेदार की ओर से पुलिस में प्राथमिकी दर्ज करवाई गई है।
आवासीय आयुक्त पांगी अमनदीप सिंह ने बताया कि शौर हेलीपैड के पास रखी बिजली की केबल जलने की घटना सामने आई है। इससे कार्य करवा रहे ठेकेदार को नुकसान हुआ है। मामले की जांच की जा रही है। उधर, पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने बताया कि केबल जलाए जाने की शिकायत मिली है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।