चंबा। हिमाचल पथ परिवहन निगम चंबा डिपो में बसों की समय पर मरम्मत न होने से जिले के नौ रूटों पर पहिये थमे रहे। निर्धारित रूटों पर बसों के न चलने से यात्रियों की मुसीबतें बढ़ गईं। जैसे-तैसे कर नौकरीपेशा, दिहाड़ीदार और शैक्षणिक संस्थानों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को अपने गंतव्यों तक पहुंचना पड़ा।
कुल मिला कर अब जिले में पीस मील वर्करों की हड़ताल का असर देखने को मिल रहा है। मंगलवार को दोपहर 12 बजकर 40 मिनट पर चंबा-भडेला, 1 बजकर 25 मिनट पर चंबा-हरछू, दोपहर 2 बजे चंबा-मंगलेरा, 2 बजकर 50 मिनट पर चंबा-दियोला, 4 बजकर 30 मिनट पर चंबा-चलूंज, 4 बजकर 40 मिनट पर चंबा-छतराड़ी, 4 बजकर 50 मिनट पर चंबा-कोल्हड़ी, 5 बजकर 40 मिनट पर चंबा-सुनारा और 5 बजकर 40 मिनट पर चंबा-डलहौजी रूट पर चलने वाली बसें नहीं चल पाईं। लोगों को टैक्सियों से घर पहुंचना पड़ा।
अपनी मांग को लेकर हड़ताल पर डटे पीस मील वर्करों के कारण चंबा डिपो में बसों की मरम्मत का कार्य अधर में लटका पड़ा है। हालांकि, बस रूट चलाने के लिए एचआरटीसी प्रबंधन नियमित कर्मचारियों से ओवरटाइम करवा कर मरम्मत कार्य करवा रहा है। अड्डा इंचार्ज राजेंद्र कुमार ने बताया कि मंगलवार को नौ रूटों पर बसों की मरम्मत न होने से बसें नहीं चलीं। कहा कि नियमित कर्मचारियों से ओवरटाइम में भी काम करवा कर बस सेवाएं सुचारु रखने के प्रयास किए जा रहे हैं।