चंबा। जिले के 128 रूटों पर 50 फीसदी सवारियों के साथ एचआरटीसी और निजी बसें चली। चंबा-भडेला मार्ग पर सरकारी और निजी बस सेवा न होने के कारण शुक्रवार को दोपहर बारह बजे से एचआरटीसी बस चलाएगा। इससे भडेला सहित आसपास के गांवों के लोगों को लाभ मिलेगा। एचआरटीसी प्रबंधन ने साफ किया है कि लोगों की डिमांड के अनुसार जिले में बस रूटों को बढ़ाया जा सकता है।
गौरतलब है कि कोरोना कर्फ्यू में मिली रियायत के बाद एचआरटीसी बस सुविधा का लाभ मिलने से अब ग्रामीणों और नौकरीपेशा लोगों ने राहत की सांस ली है। वीरवार को चंबा-जुमहार मार्ग पर चलने वाली बस में 50 फीसदी सवारियां पूरी होने और अतिरिक्त सवारियां न बैठाए जाने के बाद पंचायत प्रधान की अगुवाई में प्रतिनिधिमंडल आरएम चंबा से मिला। उसके बाद वीरवार को सायं 5:45 बजे चंबा से जुमहार के लिए अतिरिक्त बस चलाई गई।
आरएम राजन जम्वाल ने कहा कि चंबा-जुमहार मार्ग पर सायंकालीन एक अतिरिक्त बस सेवा शुरू की गई। शुक्रवार से चंबा-भडेला रूट पर एचआरटीसी बस सेवा शुरू करेगा। वीरवार को जिले के 58 रूटों पर एचआटरीसी की बसें चली। निजी बस ऑपरेटर यूनियन के प्रधान रवि महाजन ने कहा कि जिले में वीरवार को 70 रूटों पर बसें चलाई गईं। कहा कि 50 फीसदी सवारियां के नियम के तहत ही बसों को चलाया जा रहा है।