चंबा। बिजली गिरने से बुधवार रात सवा दस बजे 11 केवी हरदासपुरा फीडर की केबल जल गई। ऐन मौके पर ड्यूटी पर तैनात विद्युत बोर्ड के कर्मचारियों ने सूझबूझ का परिचय देते हुए हरदासपुरा लाइन को बंद कर रामगढ़ फीडर से बिजली की लाइन सुचारु की।
बुधवार बारिश के बाद देर रात आसमानी बिजली गिरने से भूरि सिंह पावर हाउस के स्विचयार्ड स्थित हरदासपुरा फीडर की लाइन जल गई। केबल में आग की चिंगारियां उठने लगीं। इस दौरान हरदासपुरा फीडर के अधीन विभिन्न मोहल्लों में बिजली की सप्लाई ठप पड़ गई। ड्यूटी पर तैनात कर्मियों ने तुरंत लाइन को काट दिया। उसके साथ ही दूसरे फीडर से सप्लाई बहाल कर लोगों को राहत दी। वीरवार को विद्युत बोर्ड के कनिष्ठ अभियंता किशोर कुमार की देखरेख में समस्त कर्मियों ने हरदासपुरा की जली केबल को बदला।