पांगी में जुकारू मेले में उपस्थित लोग।
पांगी (चंबा)। जुकारू उत्सव के उपलक्ष्य पर पांगी घाटी में सोमवार को ग्याहारलू मेला मनाया गया। जुकारू उत्सव घाटी में 13 दिन तक धूमधाम से मनाया जाता है। इसके उपलक्ष्य में हर दिन एक मेले का आयोजन होता है। सोमवार को 11वें दिन ग्याहारलू मेला मनाया गया। इस मेले को ग्राम पंचायत शौर, पुर्थी और रेई में धूमधाम से मनाया गया।
मेले में स्थानीय लोगों ने पारंपरिक गीतों पर जमकर नाच-गाना किया। इसके अलावा मेले में दावतों का दौर भी चला। लोगों ने एक-दूसरे के गले मिलकर जुुकारू उत्सव की बधाई दी। इसी तरह घाटी की अन्य पंचायतों में भी मेलों का आयोजन किया गया। घाटी के लोग इस उत्सव को मनाने के लिए साल भर इंतजार करते हैं।
गौरतलब है कि सर्दियों में पांगी घाटी देश-दुनिया से कट जाती है। ऐसे में जुकारू उत्सव को मनाकर लोग सर्दियों में अपना मनोरंजन करते हैं। वहीं, इस उत्सव के दौरान घाटी के लोग अपने देवी-देवताओं की पूजा-अर्चना करते हैं। ग्यारह दिन से पांगी घाटी में जुकारू उत्सव की धूम है। सभी पंचायतों में लोग नाच-गाकर जुकारू उत्सव मना रहे हैं। लोग अपने घरों में विशेष पूजा-अर्चना कर अपने कुल देवताओं को भी खुश कर रहे हैं।