शनिदेव मंदिर नाले में महीनेभर में चार बार लगी आग, धुएं और दुर्गंध से लोगों का सांस लेना हुआ मुश्किल
हर बार आग बुझाने तक सीमित रही कार्रवाई, आग लगाने वाले तक नहीं पहुंची जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। शनिदेव मंदिर नाले में कूड़े का ढेर बार-बार धधक रहा है, लेकिन आग लगाने वाले तक जांच अब तक नहीं पहुंच सकी है। पिछले एक माह में यहां करीब चार बार कूड़े में आग लग चुकी है।
हर घटना में आग बुझा दी गई, मगर कुछ दिन बाद उसी ढेर से फिर धुआं उठने लगा। एक ही जगह बार-बार आग लगने के बावजूद नगर परिषद अब तक यह पता नहीं लगा सकी है कि आग कौन लगा रहा है और इसके पीछे वजह क्या है।
कूड़े में प्लास्टिक और अन्य सामग्री जलने से आसपास धुएं का गुबार और तेज दुर्गंध फैलती है। शनिदेव मंदिर के पास से गुजरने वाले लोगों को परेशानी होती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार घटनाओं के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो रहा। उनका कहना है कि कूड़ा जमा होने से रोकने के साथ आग लगाने वालों की पहचान के लिए निगरानी बढ़ाई जानी चाहिए। उधर, एसडीएम चंबा चिराग शर्मा ने बताया कि नगर परिषद को पूरे क्षेत्र में निगरानी रखने के आदेश दिए जाएंगे। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों से भी उचित कार्रवाई करवाई जाएगी।
एक महीने में चार बार आग लगना चिंता का विषय है। हर बार आग बुझा दी जाती है, लेकिन यह पता नहीं चल रहा कि आग कौन लगा रहा है। नगर परिषद को जांच करनी चाहिए।
- अशोक कुमार, राहगीर
कूड़े से उठने वाले धुएं और दुर्गंध से लोगों को परेशानी हो रही है। बार-बार आग लगने के कारणों का पता लगाकर जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई होनी चाहिए। - अरुण कुमार
शनिदेव मंदिर के पास कूड़े में आग लगने से कभी भी आग आसपास फैल सकती है। नगर परिषद को यहां नियमित सफाई और निगरानी की व्यवस्था करनी चाहिए। - पवन कुमार
बार-बार होने वाली घटनाओं से लोगों में नाराजगी बढ़ रही है। कूड़ा डालने और उसमें आग लगाने पर रोक लगनी चाहिए, तभी समस्या का स्थायी समाधान होगा। - संजू कुमार