चंबा। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर प्रदेश से 50 हजार लोग वर्चुअल तरीके से योग करेंगे। कोरोना काल में ये पहला मौका होगा कि जब लोग वर्चुअल तरीके से योग करेंगे। वर्चुअल तरीके से होने वाले योग कार्यक्रम में होम आइसोलेशन संक्रमित, स्वस्थ्य हुए और सामान्य लोग भी जुड़ सकते हैं। इसके अलावा आयुर्वेदिक विभाग के पपरोला से विशेषज्ञों से कोई भी व्यक्ति लाइव चैट के जरिये किसी भी बीमारी संबंधी चिकित्सीय राय ले सकता है। जिला में वर्चुअल योग करवाने को जिला आयुर्वेदिक विभाग द्वारा 138 विभिन्न ग्रुप तैैयार किए गए हैं।
वैश्विक महामारी कोरोना काल में लोग योग के जरिये भी अपने मन को शांत करने के साथ विभिन्न बीमारियों पर विजय पा चुके हैं। ऐसे में अब जिला आयुर्वेदिक विभाग वर्चुअल तरीके से योग करवाएगा। ऑनलाइन भेजे जाने वाले इस लिंक के जरिये इससे जुड़ सकते हैं। वहीं जिलास्तर पर आयुर्वेदिक विभाग द्वारा 10 से 15 लोगों को योग करवाने की व्यवस्था की गई है। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर आयोजित होने वाले योग के लिए विभाग द्वारा अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने की योजना है। आयुष भारत प्रथम के तहत केवल होम आइसोलेशन मरीजों को ही वर्चुअल तरीके से योग करवाया जा रहा था। लेकिन अब योग दिवस के मौके पर स्वस्थ हुए लोग व सामान्य लोग भी योग क्रियाएं सीख सकते हैं।
जिला आयुर्वेदिक विभाग के उपनिदेशक सतीश गर्ग ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर प्रदेश से 50 हजार तो जिला से पांच हजार लोगों को जोड़ने की व्यवस्था रहेगी। लाइव चैट द्वारा भी किसी भी प्रकार की बीमारी संबंधी राय विशेषज्ञों से ली जा सकती है।
योग दिवस पर डाक विभाग केंसीलेशन मोहर जारी करेगा
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर भारतीय डाक विभाग सभी डाकघरों में कोविड-19 महामारी की स्थिति को देखते हुए कोविड प्रोटोकॉल के तहत अधिकांश कार्यक्रम वर्चुअल तरीके से आयोजित करेगा। डाकघर चंबा मंडल के अधीक्षक तिलक राज ने बताया कि 17 मई से हर दिन सुबह छह बजे से सात बजे तक वर्चुअली पंतजलि योगपीठ चंबा इकाई की ओर से बालक राम योग की क्रियाएं सीखा रहे हैं। सोमवार को भारतीय डाक विभाग देश के 810 प्रधान डाकघरों में विशेष डिजाइन सचित्र अंग्रेजी व हिंदी भाषा में केंसीलेशन मोहर जारी करेगा। बुक तथा वितरित होने वाली डाक पर इस विशेष कैंसीलेशन मोहर की छाप लगाएगा।