लोहे के खंभे और रेलिंग हटाकर सड़क को बनाया बस योग्य, प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई
बस बंद होने से खनी पंचायत के कई गांवों के विद्यार्थियों और ग्रामीणों को उठानी पड़ रही थी परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
भरमौर (चंबा)। भरमौर से खनी को जोड़ने वाले दिनका-खनी मार्ग से सोमवार को अतिक्रमण हटा दिया गया। राजस्व, लोक निर्माण विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर कार्रवाई कर सड़क पर लगाए गए लोहे के खंभे और रेलिंग हटवा दिए। इसके बाद मार्ग पर बस सेवा बहाल होने की उम्मीद जगी है।
ग्रीमा पंचायत के रेहला गांव में एक जमीन मालिक परिवार की ओर से सड़क के बीच लोहे के खंभे, रेलिंग और सेप्टिक टैंक बनाए जाने से मार्ग संकरा हो गया था। इससे बड़े वाहनों की आवाजाही बंद हो गई थी और भरमौर से खनी तक बस सेवा भी प्रभावित हुई थी। बस बंद होने से खनी, अर्की, कुपाड़ा, बकरोठ, चक्की, असंडो, दपोता, दयोकी, थोबू और कयानोता गांवों के लोगों को निजी वाहनों का सहारा लेना पड़ रहा था। विद्यार्थियों और कर्मचारियों को भी अतिरिक्त किराया चुकाकर सफर करना पड़ रहा था।
स्थानीय लोगों की शिकायत पर लोक निर्माण विभाग ने निशानदेही करवाई। इसके बाद राजस्व और पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में खंभे हटाए गए। कार्रवाई के दौरान खनी और ग्रीमा पंचायतों के उपप्रधान, जमीन मालिक और ग्रामीण भी मौजूद रहे।
निजी भूमि होने का दावा
जमीन मालिकों का कहना है कि सड़क उनकी निजी मिलकियत भूमि से होकर गुजरती है और इसका मूल सर्वेक्षण कुछ नीचे की ओर है। उन्होंने अपनी जमीन की बाड़बंदी और सेप्टिक टैंक का निर्माण करवाया था, न कि सड़क बंद करने के उद्देश्य से।
जल्द बहाल हो सकती है बस सेवा
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता संजीव शर्मा ने बताया कि विभाग की निशानदेही के बाद भूमि पर पक्के निशान लगाए गए हैं। पुलिस और राजस्व विभाग की मौजूदगी में खंभे हटाकर मार्ग को बस योग्य बना दिया गया है। इससे खनी पंचायत के लोगों को जल्द नियमित बस सेवा शुरू होने की उम्मीद है।