भद्रम, घोलटी और राजपुरा में क्षतिग्रस्त डंगों का होगा निर्माण, सड़क किनारे लगेंगे सीमेंट के पैरापिट
नवंबर के तीसरे सप्ताह खुलेगा टेंडर, जल्द आरंभ होगा कार्य, कार्य पूरा होने पर हादसों का खतरा होगा कम
मोहम्मद अयूब
चंबा। चंबा-तीसा मार्ग पर सफर करने वाले वाहन चालकों के लिए राहत भरी खबर है। मार्ग के संवेदनशील हिस्सों को सुरक्षित बनाने के लिए लोक निर्माण विभाग की ओर से करीब एक करोड़ 40 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
इसके तहत भद्रम, घोलटी और राजपुरा में क्षतिग्रस्त डंगों का निर्माण करवाया जाएगा। साथ ही सड़क के किनारे सीमेंट के पैरापिट भी लगाए जाएंगे।
चंबा-तीसा मार्ग पर कई स्थान ऐसे हैं, जहां सड़क के किनारे बने डंगे क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। इससे वाहन चालकों को खतरे के बीच सफर करना पड़ रहा है। विशेषकर संकरे और ढलानदार हिस्सों में सुरक्षा व्यवस्था कमजोर होने से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। भद्रम, घोलटी और राजपुरा में डंगों की खराब स्थिति लंबे समय से वाहन चालकों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है।
लोक निर्माण विभाग की प्रस्तावित योजना के तहत इन स्थानों पर नए डंगों का निर्माण करवाकर सड़क को मजबूती प्रदान की जाएगी। वहीं, सीमेंट के पैरापिट लगाने से सड़क किनारे सुरक्षा व्यवस्था भी बेहतर होगी। इससे वाहन चालकों को संकरे और जोखिम भरे हिस्सों से गुजरते समय अतिरिक्त सुरक्षा मिल सकेगी। विभाग की ओर से नवंबर माह के तीसरे सप्ताह में कार्य का टेंडर खोलने की प्रक्रिया प्रस्तावित है। इसके बाद औपचारिकताएं पूरी कर निर्माण कार्य शुरू करवाया जाएगा। परियोजना पूरी होने से चंबा-तीसा मार्ग पर आवागमन अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक होने की उम्मीद है।
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता इंजीनियर कनव बड़ोत्रा ने बताया कि करीब एक करोड़ 40 लाख रुपये की लागत से प्रस्तावित कार्य का टेंडर इसी सप्ताह आवंटित किया जाएगा। इसके बाद संबंधित स्थानों पर निर्माण कार्य शुरू करवाया जाएगा।