भटालवां स्थित डंपिंग साइट पर लगाए पौधों का जायजा लेते वन विभाग के कर्मचारी।
- फोटो : Chamba
चंबा। चंबा-खज्जियार मार्ग पर भटालवां के पास डंपिंग साइट को वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी अपने पैसे से हरा-भरा जंगल बनाएंगे। इसके लिए वे अपने वेतन से कुछ पैसे इकट्ठा करेंगे। इस राशि से डंपिंग साइट पर विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए जाएंगे। हालांकि, वन विभाग हर वर्ष लाखों की संख्या में पौधे लगाता है लेकिन, अधिकारी और कर्मचारी अपने पैसों से एक जंगल तैयार करने जा रहे हों। ऐसा पहली बार देखने को मिला है।
चंबा-खज्जियार मार्ग पर भटालवां के पास डंपिंग साइट में लाखों टन मलबा भरा है। यह मलबा सुल्तानपुर वार्ड में कभी भी तबाही मचा सकता है। इस समस्या का समाधान करने के लिए वन विभाग ने डंपिंग साइट को हरा-भरा जंगल बनाने की योजना बनाई है, जिससे मलबा पेड़ों की जड़ों से एक ही जगह जमा रहे। बारिश और नाले में पानी आने पर भी मलबा नीचे की तरफ न बहे। डंपिंग साइट में कर्मचारियों और उनके परिवार के सदस्यों ने पौधे रोपे हैं।
पौधों को किसी प्रकार का नुकसान न हो, इसको लेकर भी व्यवस्था की गई है। वन रक्षक सहित अन्य विभागीय अधिकारी और कर्मचारी समय-समय पर पौधों की सुरक्षा का जायजा लेते रहते हैं। वनमंडलाधिकारी अमित शर्मा ने बताया कि वन विभाग के कर्मचारियों ने भटालवां स्थित डंपिंग साइट को गोद लेकर हरा-भरा जंगल बनाने की योजना बनाई है। आने वाले समय में भटालवां की डंपिंग साइट सुंदर पेड़ों से घिरा जंगल दिखेगी। यहां पर्यटकों के बैठने के लिए अन्य सुविधाएं भी मुहैया करवाई जाएंगी।