खस्तालापरवाही : नेहरा-भडारणु सड़क पर 21 साल बाद भी नहीं चली बस
करसोग में पीएमजीएसवाई के तहत 2003 में हुआ था सड़क का निर्माण
संवाद न्यूज एजेंसी
करसोग (मंडी)। नेहरा-भडारणु सड़क बनने के 21 साल बाद भी बस सेवा शुरू नहीं हो पाई है। इस कारण यहां की जनता दिक्कतों का सामना करन रहा है। लोक निर्माण विभाग की लापरवाही के कारण लोगों को सुविधा नहीं मिल पा रही है, क्योंकि आज तक सड़क को ठीक नहीं किया जा रहा है। यह सड़क पीएमजीएसवाई के तहत वर्ष 2003 में बनाई गई थी। इसके लिए स्थानीय लोगों ने कृषि योग्य भूमि विभाग के नाम की थी, लेकिन हैरानी की बात है कि सड़क की खराब हालत की वजह से 21 साल बाद भी लोग नियमित तौर पर बस सुविधा के इंतजार में है। इसके लिए विभिन्न मंचों के माध्यम से आवाज उठाई जा चुकी है, लेकिन किसी भी स्तर पर सुनवाई नहीं हुई है। नेहरा-भडारणु सड़क निर्माण पर जनता के खून पसीने की कमाई की लाखों की धन राशि खर्च करने का कोई लाभ नहीं हुआ है। नेहरा-भडारणु सड़क पर बस सुविधा न होने से स्थानीय लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। खासकर सिविल अस्पताल में इलाज के लिए आने वाले मरीजों सहित बच्चों और बुजुर्गों को टैक्सी के लिए सैकड़ों रुपये खर्च करने पड़ रहे हैं। ग्राम पंचायत भंडारणु के प्रधान दिलीप कुमार शर्मा का कहना है कि परिवहन निगम की वाया भंडारणु बस सेवा लंबे समय से बंद है। जिस कारण स्थानीय जनता को टैक्सी या फिर ऑटो करके घर पहुंचना पड़ रहा है। ऐसे में गरीब लोगों को भारी समस्या झेलनी पड़ रही है। उन्होंने परिवहन निगम से जल्द से जल्द बस सेवा आरंभ करने की मांग की है।
क्या कहते हैं अधिकारी
हिमाचल पथ परिवहन निगम करसोग डिपो के आरएम हुमेश कुमार का कहना है कि सड़क की काफी खस्ताहाल है। ऐसे में इस रूट पर बस भेजना संभव नहीं है। उनका कहना है कि सड़क कि हालत सुधारने के बाद ही लोगों की सुविधा के लिए वाया भंडारणु बस सेवा बहाल की जा सकती है।