ऐतिहासिक भलेई माता मंदिर में शीश नवाने के लिए कतार में खड़े श्रद्धालु।
- फोटो : Chamba
चंबा। शारदीय नवरात्र के उपलक्ष्य पर जिले के मंदिर दुल्हन की तरह फूल-मालाओं और रंग-बिरंगी लाइटों से सजाए गए हैं। वीरवार को पहले नवरात्र पर भलेई माता मंदिर, चामुंडा, शीतला, कस्से माता, रखालू, छन्नी माता मंदिर सहित अन्य मंदिरों में श्रद्धालुओं की खूब भीड़ उमड़ी।
सबसे ज्यादा भीड़ प्रदेश भर में प्रसिद्ध जिले के भलेई माता मंदिर में दिखी। पहले नवरात्र पर सुबह से लेकर शाम तक मंदिर में श्रद्धालुओं का आना-जाना लगा रहा। मंदिर कमेटी की ओर से मंदिर में कोविड प्रोटोकॉल को लेकर उचित प्रबंध किए गए हैं। कोविड के चलते मंदिर में भंडारे का आयोजन नहीं किया जा रहा है। जबकि, श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए मंदिर में सैनिटाइजर की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा मंदिर के गर्भ गृह में श्रद्धालुओं के जाने पर भी मनाही रही।
हालांकि, मंदिरों में माता के दर्शन करने के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। जिला मुख्यालय के बीचोंबीच स्थित शीतला माता मंदिर में भी श्रद्धालुओं की अच्छी-खासी भीड़ रही। इस मंदिर को लेकर चंबावासियों की काफी मान्यता है। इसके चलते नवरात्र के दौरान मंदिर में अपनी मन्नत को पूरा करने के लिए श्रद्धालु पूरी आस्था के साथ दर्शन के लिए पहुंचते हैं।
श्रद्धालुओं अशोक कुमार, मनोज, सुरेंद्र, शक्ति प्रसाद, राजकुमार, चैन लाल, हंसराज और नीना देवी ने बताया कि नवरात्र के उपलक्ष्य पर जिले के मंदिरों में लोग अपनी मान्यता और श्रद्धा अनुसार माथा टेकने पहुंचते हैं। कोविड की वजह से आस्था में कोई फर्क नहीं पड़ा है।