माश की दाल, कुलथ और लाल चावल की मांग में भी हुई बढ़ोतरी
रोजाना ग्रामीण क्षेत्रों से शहर में बिकने के लिए पहुंच रही खाद्य सामग्री
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। शहर में देसी लाल और सफेद राजमा, माश की दाल, कुलथ और लाल चावल की मांग काफी बढ़ रही है। जिले के दूरदराज गांवों से शहर में रोजाना खाद्य सामग्री पहुंच रही है। इन्हें लोग हाथोंहाथ खरीद रहे हैं।
खेतों में देसी दालों समेत अन्य खाद्य सामग्री उगाकर ग्रामीणों की भी पौ बारह हो रही है। हाल ही शहर में पहुंचे देसी लाल और सफेद राजम, माश की दाल, कुलथ की भारी मांग रही है। इन देसी वस्तुओं में अलग से खाद का इस्तेमाल नहीं होता है। बाजार में लाल राजमा 250 से 270 रुपये किलो, सफेद राजमा, 220 से 240 रुपये किलो, माह की दाल 300 रुपय किलो, कुलथ 300 रुपये किलो की दर से बिक रही है।
परिचर्चा
-
जिले के दूरदराज स्थित ग्रामीण क्षेत्रों से मुख्यालय में पहुंच रही यह खाद्य सामग्री लोग हाथों हाथ खरीद रहे हैं। इन फसलों में किसान देसी खाद का ही इस्तेमाल करते हैं। - राहुल गुप्ता, दुकानदार
इन्हें उगाने के समय कोई भी ऐसी खाद का इस्तेमाल नहीं किया जाता है जो स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो। इस लिहाज से भी ये काफी फायदेमंद है। - लक्ष्य चोपड़ा, दुकानदार
बीते दिनों भारी बरसात के कारण फसल थोड़ी कम भी हुई है। इन देसी वस्तुओं के दामों में 10 से 20 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। जैसे ही और फसल तैयार होगी, इनके दाम में कमी आ जाएगी। - योगेश्वर लाल, दुकानदार
देसी खाद से तैयार खाद्य सामग्री पौष्टिकता से भरपूर और सेहत के लिए भी काफी लाभप्रद रहती है। इन्हें उगाने में किसी प्रकार की कोई अन्य खाद का उपयोग नहीं किया जाता है। इनका स्वाद भी लाजवाब होता है। - हरीश कुमार, दुकानदार