भरमौर/राख (चंबा)। चंबा-भरमौर राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर ढकोग के पास कार दुर्घटना में लापता महिला का शव तीन दिन बाद दुनाली के पास बरामद हुआ है। मृतका की पहचान अनीता देवी (34) पत्नी पवन कुमार निवासी गांव रहेला डाकघर गरिमा तहसील भरमौर के रूप में हुई है।
अनीता देवी तीन दिन पहले अपने पति पवन कुमार के साथ अल्ट्रासाउंड करवाने के लिए जिला मुख्यालय चंबा गई थीं। वहां से अल्ट्रासाउंड करवाकर जब वे कार से वापस लौट रहे थे तो उनकी गाड़ी पर पहाड़ी पर चर रही एक गाय गिर गई।
इससे गाड़ी अनियंत्रित होकर सीधी रावी में जा गिरी। इस दौरान पवन कुमार की मौके पर ही मौत हो गई थी जबकि, अनीता देवी रावी नदी के तेज बहाव में बह गई। महिला को तलाशने के लिए प्रशासन की ओर से एनएचपीसी से गोताखोरों को बुलाकर सर्च ऑपरेशन चलाया। वहीं, पुलिस, अग्निशमन और गृहरक्षक जवानों सहित ग्रामीणों ने भी रावी का कोना-कोना छान मारा। बावजूद इसके उन्हें कोई सफलता नहीं मिली।
बुधवार शाम प्रशासन ने चमेरा जलाशय में पानी छुड़वाया। वीरवार सुबह के समय पुलिस को सूचना मिली कि दुनाली के पास रावी किनारे एक महिला का शव पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों के सुपुुर्द कर दिया है। पुलिस अधीक्षक अरुल कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।