चंबा में सांप डसने के दो मामले सामने आए हैं। जिनमें से एक में छह वर्षीय बच्चे की मौत हो गई है। जबकि पचास वर्षीय एक व्यक्ति का स्वास्थ्य उपचार चल रहा है। पहले मामले में चंबा के साथ लगती सिंगी पंचायत के छपटी गांव का छह वर्षीय सुमित कुमार पुत्र चेत राम अपने घर के साथ ही खेल रहा था।
खेल-खेल में बच्चे को सांप कब डस गया, इसका पता नहीं चला। जब बच्चे पर जहर हावी हो गया तो बच्चा गश का खाकर गिर गया। परिजन उसे फौरन चंबा अस्पताल ले आए लेकिन वहां पहुंचने पर चिकित्सकों ने सुमित को मृत करार दे दिया। उधर दूसरा मामला चंबा की भड़ियाकोठी पंचायत के जल्ला गांव में सामने आया। जहां पर पचास वर्षीय जगदीश पुत्र दयाल को सांप ने उस समय डस लिया। जब वह अपने घर के साथ लगती घासनी में घास काट रहा था। जगदीश को जैसे ही सांप ने डसा उससे परिजन फौरन उपचार के लिए चंबा चिकित्सालय ले आए।
जहां पर आवश्यक स्वास्थ्य जांच के बाद जगदीश को एंटी वैनम का इंजेक्शन दे दिया गया है। अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. जीवानंद चौहान ने बताया कि इन दिनों सांप काटने के मामलों में काफी बढ़ोतरी हुई है। लिहाजा लोगों को इस दिशा में सतर्क रहना बेहद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सही समय पर घायल को अस्पताल पहुंचाया जाए ताकि स्वास्थ्य विभाग घायल का उपचार कर सके। उन्होंने कहा कि अस्पताल में सभी जरूरी दवाएं व इंजेक्शन उपलब्ध हैं।