स्वास्थ्य विभाग ने खाद्य वस्तुओं की गुणवत्ता की टोह लेना शुरू कर दिया है। मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने फूड सेफ्टी ऑफिसर दीपक आनंद की अगुवाई में चंबा बाजार सहित साथ लगते मोहल्लों की दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान करवाचौथ व्रत पर बनाई जाने वाली फैनी के चार सैंपल भरे। इन सैंपलों को जांच के लिए कंडाघाट लैब में भेजा जाएगा।
विभाग का कहना है कि मिलावटी, गुणवत्ताहीन और अधोमानक खाद्य वस्तुएं बेचने वाले दुकानदारों, ढाबा मालिकों, हलवाइयों और रेहड़ी धारकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। खाद्य सुरक्षा अधिनियम, 2006 के तहत विभागीय कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने आम जनता से भी आग्रह किया है कि अगर उन्हें कहीं मिलावटी खाद्य पदार्थ बेचे जाने का अंदेशा होता है तो विभाग को इसकी लिखित सूचना किसी भी कार्य दिवस को दे सकते हैं।
बर्दाश्त नहीं होगा लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ : दीपक आनंद
खाद्य सुरक्षा अधिकारी दीपक आनंद ने बताया कि लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा। जिन खाद्य पदार्थ के सैंपल फेल होंगे, उन्हें बेचने वालों पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।