चुराह (चंबा)। चुराह उपमंडल के कैला-डुगली मार्ग पर कैला के समीप स्टेट नारकोटिक्स क्राइम यूनिट की टीम ने एक जीप गाड़ी से देवदार के तीस स्लीपर बरामद करने में सफलता हासिल की है। टीम ने यह कार्रवाई वीरवार को की। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है। इसके साथ ही आगामी छानबीन शुरू कर दी है। गाड़ी चालक की पहचान योगराज गांव कोहिला डाकघर संधी तहसील चुराह जिला चंबा के रूप में हुई। बताया जा रहा है कि गाड़ी चालक अवैध रूप से लकड़ी कैला से लेकर आया था और चंबा की तरफ जा रहा था।
जानकारी के अनुसार स्टेट नारकोटिक्स क्राइम यूनिट कांगड़ा की टीम कैला के समीप नाकाबंदी पर थी। इसी दौरान एक जीप कैला की तरफ से आई। टीम ने गाड़ी को रोका। चालक टीम को देखकर घबरा गया। टीम ने शक के आधार पर गाड़ी की तलाशी ली। इस दौरान गाड़ी से तीस स्लीपर देवदार के बरामद किए गए। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। इसके साथ ही पूछताछ शुरू की। टीम ने वन विभाग के हवाले अवैध लकड़ी की खेप कर दी है। साथ ही आगामी जांच शुरू कर दी गई है।
गौरतलब है कि पिछले दो सप्ताह अवैध रूप से लकड़ी तस्करी का दूसरा मामला सामने में आया है। इससे तेलका में पुलिस ने 15 देवदार के स्लीपर अवैध रूप से गाड़ी से बरामद किए थे। इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। बहरहाल, कैला में पकड़ी गई अवैध रूप से लकड़ी की खेप के मामले में और गिरफ्तारी भी हो सकती है। एसपी चंबा डॉ. मोनिका ने खबर की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने गाड़ी चालक को गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही छानबीन शुरू कर दी है।